Haryana Best School: दुनिया के बेस्ट स्कूलों में हरियाणा का ये सरकारी स्कूल, टॉप-10 में बनाई जगह

punjabkesari.in Friday, Jun 20, 2025 - 12:32 PM (IST)

डेस्कः हरियाणा के फरीदाबाद के एनआईटी-5 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल प्राइज 2025 की श्रेणी में विश्व के शीर्ष 10 स्कूलों में शामिल किया गया है। यह सम्मान लंदन, यूनाइटेड किंगडम की टी-4 एजुकेशन संस्था द्वारा दिया गया है। इस सूची में शामिल होने वाला यह हरियाणा का एकमात्र स्कूल है। प्रदेश शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और जिला शिक्षा अधिकारी अशोक बघेल ने विद्यालय का नाम विश्व में रोशन करने वाले सभी अध्यापकों को बधाई दी है।

यह विद्यालय अब देश के टॉप-5 स्कूलों की दौड़ में भी शामिल हो गया है। इसके लिए पूरे विश्व में ऑनलाइन वोटिंग जारी है, जिसका परिणाम अक्टूबर में घोषित किया जाएगा। फाइनलिस्ट और विजेताओं को 15-16 नवंबर को अबू धाबी में आयोजित विश्व स्कूल शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया जाएगा।

अंतरराष्ट्रीय पटल पर विद्यालय की पहचान बनाने वाली अध्यापिका अविनाशा शर्मा ने बताया कि टी-4 एजुकेशन संस्था हर वर्ष वैश्विक स्तर पर उत्कृष्ट विद्यालयों का चयन करती है। इस बार एनआईटी-5 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को चयनित किया गया। मार्च में आवेदन के बाद टी-4 एजुकेशन की टीम फरीदाबाद पहुंची और विद्यालय की सुविधाओं का मूल्यांकन किया गया।

अन्य चयनित विद्यालयों में जिला परिषद स्कूल जलिंदर नगर, पुणे (महाराष्ट्र), एक्या स्कूल जेपी नगर (कर्नाटक), डीपीएस वाराणसी (उत्तर प्रदेश) भी शामिल हैं। टी-4 एजुकेशन एक अंतरराष्ट्रीय शैक्षिक संगठन है, जिसकी स्थापना 2020 में लंदन, यूके में हुई थी। यह संस्था 100 से अधिक देशों में स्कूल शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और शिक्षकों तथा स्कूल प्रमुखों को सशक्त बनाने का काम कर रही है।

टॉप-10 में स्थान पाने के प्रमुख कारणों के बारे में अविनाशा शर्मा ने बताया कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति में छात्राओं के मानसिक और शारीरिक कल्याण को विशेष महत्व दिया गया है। इसके तहत विद्यालय में छात्राओं को शारीरिक बदलावों से अवगत कराया जाता है और उनके अभिभावकों को भी शामिल किया जाता है। इसके अलावा शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने एवं भाषायी ज्ञान प्रदान करने के लिए देश की पहली लैंग्वेज लैब इसी विद्यालय में शुरू की गई है। खेलों के क्षेत्र में भी विद्यालय का फुटबॉल प्रदर्शन अत्यंत उत्कृष्ट है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static