हरियाणा में भीषण गर्मी का हाई अलर्ट, सरकार ने जारी किया ''हीट-हेल्थ एक्शन प्लान''

punjabkesari.in Tuesday, Apr 28, 2026 - 05:20 PM (IST)

हरियाणा डेस्क :  हरियाणा सरकार ने बढ़ते तापमान और संभावित लू को देखते हुए राज्यभर में हाई अलर्ट जारी करते हुए विस्तृत स्वास्थ्य सलाह लागू की है। अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) डॉ. सुमिता मिश्रा ने कहा कि नागरिकों को लू और गर्मी से जुड़ी बीमारियों से बचने के लिए 'हीट-हेल्थ एक्शन प्लान' को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। 

स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों को सतर्क रहने, अस्पतालों में दवाइयों, ओआरएस, आईवी फ्लूइड और कूलिंग उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। लू लगने वाले मरीजों के लिए विशेष इकाइयां बनाई जा रही हैं और एम्बुलेंस सेवाओं को भी तैयार रखा गया है। 'पहले ठंडा करें, फिर अस्पताल ले जाएं' रणनीति अपनाई जा रही है। गर्मी से जुड़ी बीमारियों की रोजाना निगरानी और रिपोटिर्ंग अनिवार्य कर दी गई है। 

दोपहर में घर में रहने की अपील

भारत मौसम विज्ञान विभाग की चेतावनियों को नियमित रूप से जनता तक पहुंचाया जाएगा। लोगों को दोपहर 12 से तीन बजे तक घर में रहने, पर्याप्त पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है। शराब, कैफीन और मीठे पेय से बचने की हिदायत दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। सरकार ने नियोक्ताओं को भी निर्देश दिए हैं कि वे श्रमिकों के लिए छाया, पानी और विश्राम की व्यवस्था करें। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सक से सहायता लें। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static