हरियाणा बिजली हड़ताल अपडेट: बिजली संकट पर सीएम नायब सिंह सैनी ने संभाली कमान, कर्मचारियों के साथ बैठक में खुद पहुंचे CM
punjabkesari.in Friday, Oct 23, 2026 - 05:46 PM (IST)
चंडीगढ़/पंचकूूला(धरणी/उमंग): हरियाणा में पिछले कुछ दिनों से गहराते बिजली संकट और कर्मचारियों की हड़ताल को खत्म करने के लिए सरकार ने अब सीधी दखलंदाजी शुरू कर दी है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी अचानक पंचकूला के पीडब्ल्यूडी (PWD) रेस्ट हाउस पहुंचे हैं। यहाँ पहले से ही ऊर्जा मंत्री अनिल विज और बिजली कर्मचारी नेताओं के बीच बैठक चल रही थी, जिसमें अब सीएम नायब सैनी ने भी शिरकत कर ली है।

बैठक में क्या है मुख्य मुद्दा?
बीते कुछ दिनों से हरियाणा के कई जिलों (जैसे सोनीपत, गुरुग्राम, नूंह आदि) में बिजली और पानी का गंभीर संकट पैदा हो गया है। गुरुग्राम और नूंह में बिजली वितरण का काम निजी कंपनियों को सौंपने के विरोध में बिजली कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर उतर आए हैं, जिससे आम जनता और उद्योगपति दोनों बेहाल हैं।
हालात की गंभीरता को देखते हुए ऊर्जा मंत्री अनिल विज और विभाग के वरिष्ठ अधिकारी पहले से ही कर्मचारियों के साथ बातचीत कर रहे थे। अब मुख्यमंत्री के खुद इस बैठक में शामिल होने से यह उम्मीद जताई जा रही है कि इस गतिरोध को तोड़ने के लिए कोई ठोस फैसला लिया जा सकता है।

जनता को राहत मिलने की उम्मीद
सोनीपत और अन्य इलाकों में सड़क जाम और पानी की किल्लत जैसी समस्याओं के बाद सरकार इस मामले में कोई भी ढिलाई बरतने के मूड में नहीं है। मुख्यमंत्री के हस्तक्षेप के बाद इस हाई-लेवल मीटिंग में क्या निर्णय निकलता है, इस पर पूरे प्रदेश की निगाहें टिकी हैं