वर्ल्ड रोइंग कप में हरियाणा के खिलाड़ियों ने रचा इतिहास, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने दी बधाई

punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 04:31 PM (IST)

चंडीगढ़ (चन्द्र शेखर धरणी) : हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वर्ल्ड रोइंग कप में पहली बार पुरुष लाइटवेट डबल स्कल्स स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रचने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों लक्ष्य और उज्ज्वल कुमार सिंह को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि को पूरे देश के लिए गर्व और सम्मान का क्षण बताया। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि यह भारत के लिए अत्यंत गौरव का पल है। विश्व स्तर की प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में भारतीय खिलाड़ियों द्वारा स्वर्ण पदक जीतना न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश के खेल जगत के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि लक्ष्य और उज्ज्वल कुमार सिंह ने अपने कठिन परिश्रम, अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। उनकी यह सफलता देश के लाखों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी और उन्हें खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा सरकार खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर हरियाणा और भारत का नाम पूरी दुनिया में रोशन कर रहे हैं।

नायब सिंह सैनी ने विश्वास व्यक्त किया कि लक्ष्य और उज्ज्वल कुमार सिंह भविष्य में भी इसी समर्पण, अनुशासन और उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का गौरव बढ़ाते रहेंगे। उन्होंने दोनों खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उनकी यह स्वर्णिम सफलता भारतीय खेल जगत के स्वर्णिम भविष्य का प्रतीक है।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static