हरियाणा पुलिस के जांबाजों ने बचाई डूब रही महिला की जान, DGP ने दिया ईनाम

punjabkesari.in Tuesday, Jan 07, 2020 - 09:44 AM (IST)

चंडीगढ़ (बंसल) : हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डी.जी.पी.) मनोज यादव ने फरीदाबाद जिले में नहर में डूब रही एक महिला को बचाने वाले ए.एस.आई. शमशेर सिंह और होमगार्ड देवेंद्र को 10000-10000 रुपए का इनाम देने की घोषणा की है। पुलिसकर्मियों को उनके अदम्य साहस के लिए बधाई देते हुए डी.जी.पी. ने कहा कि हमारे जवानों ने ठिठुरती सर्दी में अपनी जान की परवाह किए बिना सेवा, सुरक्षा और सहयोग के नारे को सार्थक किया है। 

उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के बहादुर जवानों ने हमेशा अपनी जान जोखिम में डालकर दूसरों की रक्षा की है। हाल ही में हरियाणा के जांबाज पुलिस अफसर ए.सी.पी., फरीदाबाद मौजी राम ने अपनी जान की परवाह किए बिना यमुना में छलांग लगाकर एक युवक को डूबने से बचाया। इसी प्रकार कांस्टेबल नरेंद्र ने भी ड्यूटी के दौरान अदम्य साहस का परिचय देते हुए पानीपत जिले में नहर में डूब रही एक महिला की जान बचाई। 

हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि ए.एस.आई. शमशेर सिंह और होमगार्ड देवेंद्र दोनों फरीदाबाद में बी.पी.टी.पी. पुल के पास नियमित गश्त ड्यूटी पर थे। इस दौरान एक महिला जो ऑटो से उतरी और तेजी से कदम बढ़ाते हुए नहर के पुल पर पहुंच गई तथा नहर में छलांग लगा दी। दोनों पुलिसकर्मी बिना समय गंवाए उसे बचाने के लिए नहर में कूद पड़े।

उन्होंने बड़ी मुश्किल से महिला को बाहर निकाला और बेहोश पाए जाने पर उसे नजदीक के अस्पताल ले जाया गया। बाद में उसे दिल्ली के एक अस्पताल में रैफर कर दिया गया। ए.एस.आई. शमशेर सिंह और होमगार्ड देवेंद्र के इस जज्बे को देखकर पुलिस आयुक्त, फरीदाबाद  के.के. राव ने भी 5000-5000 रुपए का ईनाम और सर्टीफिकेट देते हुए बधाई दी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Isha

Recommended News

Related News

static