हरियाणा में बारिश का सिलसिला जारी..अगले 2 दिन तेज हवाओं व गरज-चमक के साथ बरसेंगे मेघ, मौसम अलर्ट जारी

punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 04:21 PM (IST)

सिरसा (विनोद सैनी) : हरियाणा में मानसून सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। सभी क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी है। चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के मौसम वैज्ञानिक डॉ मदन लाल खिचड़ ने बताया कि मानसून ट्रफ हरियाणा के पास से गुजर रही है।

श्री गंगानगर, रोहतक, सहारनपुर, सुल्तानपुर, गया, बांकुरा और मिजोरम तक इसका असर देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बंगाल की खाड़ी की तरफ से नमी आ रही है जिसके कारण मानसून की सक्रियता दोबारा देखने को मिली है। हरियाणा में अगले 2 दिन बारिश होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि ज्यादातर क्षेत्रों में हवाओं व गरज-चमक के साथ बारिश होने का अनुमान है।

मौसम वैज्ञानिक ने कहा कि 9 और 10 अगस्त को बारिश में कमी आएगी परन्तु 11 अगस्त के बाद मानसून की सक्रियता दोबारा बढ़ने की संभावना है।मदन लाल खिचड़ ने कहा कि हरियाणा में 1 जून से अभी तक 171.3 मिलीमीटर बारिश हुई है जबकि 233 मिलीमीटर होनी चाहिए थी।इसलिए अब तक प्रदेश में 26% कम बारिश दर्ज की गई है।उन्होंने कहा कि अभी भी बारिश के सीज़न का कोटा बाकी है और संभावना यही है कि बीच-बीच में बारिश होती रहेगी।उन्होंने कहा कि यह बारिश सभी फसलों के लिए फायदेमंद रहेगी जो आगे बिजाई में भी काम आएगी।

मौसम वैज्ञानिक मदन लाल ने बताया कि अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आस पास बना हुआ जिसके ज्यादा बढ़ने की संभावना नहीं है।आने वाले दिनों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहेगा और मौसम परिवर्तनशील बना रहेगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static