हरियाणा में फसल खरीद की व्यवस्था पूरी तरह चौपट, ना वक्त पर पेमेंट हुई ना दूसरे राज्यों का गेहूं रुका : दुष्यंत चौटाला

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 07:16 PM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा है कि भाजपा सरकार मंडियों में फसल खरीद की व्यवस्था करने में लगातार विफल साबित हो रही है और सरकार की नाकामियों का खामियाजा किसानों और आढ़तियों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खरीद सीजन के दौरान सरकार ने नए-नए बेतुके नियमों से पहले किसानों को परेशान किया और अब सरकार आढ़तियों को जेल भेजने की तैयारी में लगी हुई है।

 दुष्यंत ने कहा कि करनाल जिले में अनेक आढ़तियों पर केस दर्ज किए गए है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा राज में अन्य राज्यों का धान और गेहूं हरियाणा के किसानों के नाम पर बेचकर गड़बड़ियां की जा रही है और सरकार केवल पारदर्शिता का झूठा ढोंग कर रही है। 

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि मंडियों में इस बार गेट पास और बायोमेट्रिक के नए-नए नियम लागू करके किसानों को खूब तंग किया गया। उन्होंने कहा कि नए नियमों से अपनी खामियों को सुधारने का दावा करने वाली भाजपा सरकार में उत्तर प्रदेश से लाखों टन गेहूं गड़बड़ी करके हरियाणा में बेचा गया। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि इससे पहले बीजेपी सरकार के नाक नीचे करोड़ों रुपए का बड़ा धान घोटाला हुआ, लेकिन कोई उच्च स्तरीय जांच नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सरकार फसल खरीद में घोटाला करने वाले मास्टरमाइंड को पकड़ने की बजाय आढ़तियों पर ही कार्रवाई करके उन्हें प्रताड़ित कर रही है। 

पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने ये भी कहा कि पूर्व गठबंधन सरकार के दौरान कोरोना काल के बावजूद फसल खरीद के पुख्ता इंतजाम किए गए थे, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार न तो समय पर किसानों की फसल खरीद पाती है और न ही समय पर फसलों का उठान व भुगतान कर रही। 

उन्होंने कहा कि पहले किसानों को दो दिन के अंदर सीधा खाते में पेमेंट मिल जाती थी, लेकिन अब किसान 20-25 दिनों से अपनी फसल का भुगतान लेने के लिए दर-दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। पूर्व उपमुख्यमंत्री ने कहा कि गेहूं की खरीद पूरी हुए करीब दो सप्ताह हो गए है लेकिन अभी तक उठान पूरा नहीं होने की वजह से मंडियों में गेहूं के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों और आढ़तियों को परेशान करना बंद करे और खरीद सीजन में बेहतर इंतजाम करें ताकि किसानों और आढ़तियों को कोई परेशानी न हो।

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static