Asian Beach Games: कबड्डी में हरियाणा के लाल और लाडलियों ने गाड़े झंडे, जीते गोल्ड और सिल्वर मेडल
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 11:46 AM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा के विकास एवं पंचायत मंत्री श्री कृष्ण लाल पंवार, जो हरियाणा एमेच्योर कबड्डी एसोसिएशन के अध्यक्ष भी हैं, ने चीन के सान्या में आयोजित छठे एशियन बीच गेम्स में भारतीय कबड्डी टीमों के शानदार प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। उन्होंने खिलाड़ियों को इस जीत के लिए बधाई और शुभकामनाएं दीं।
यह उल्लेखनीय है कि इस प्रतियोगिता में, भारतीय महिला टीम ने हरियाणा की बेटी की कप्तानी में स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया, जबकि पुरुष टीम ने रजत पदक जीता। महिला टीम ने फाइनल मैच में श्रीलंका को 47-31 के अंतर से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं, पुरुष टीम को फाइनल में ईरान के हाथों 44-31 से हार का सामना करना पड़ा।
इस ऐतिहासिक उपलब्धि में हरियाणा के बेटे-बेटियों का विशेष योगदान रहा। चरखी दादरी जिले के गांव काकड़ोली हट्टी की बेटी और गांव बिलावल की बहू ऋतु श्योराण (सूरजभान की बेटी), हिसार जिले के गांव भिवानी रोहिल्ला की मनीषा कुमारी (राजपाल की बेटी), और गांव हसनगढ़ की नितिका (अनिल की बेटी) ने महिला टीम में शानदार प्रदर्शन किया और राज्य तथा देश को गौरवान्वित किया। पुरुष वर्ग में, सोनीपत जिले के गांव कथूरा के नीरज नरवाल ने भी बेहतरीन प्रदर्शन किया। टीम के कोच राकेश कुमार और नसीब जांघू का मार्गदर्शन भी सराहनीय रहा।
उन्होंने कहा कि हरियाणा के बेटे-बेटियां आज खेल के क्षेत्र में एक नई पहचान बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह जीत केवल एक पदक के लिए नहीं है, बल्कि यह इन बेटे-बेटियों के आत्मविश्वास, कड़ी मेहनत और समर्पण का प्रतीक है।