Haryana Weather:  बारिश को लेकर बड़ा Update, 16 सितंबर से बदलेगा मौसम

punjabkesari.in Friday, Sep 12, 2025 - 09:06 AM (IST)

चंडीगढ़: हरियाणा में अभी कुछ दिन मौसम साफ रहेगा। मौसम विभाग की ओर से प्रदेश के किसी भी जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी नहीं किया गया है। केवल पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरूक्षेत्र और करनाल में बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा प्रदेश कें सभी जिलों में मौसम पूर्ण रूप से साफ रहने का अनुमान मौसम विभाग की ओर से जताया गया है।

कृषि मौसम विज्ञान विभाग चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय हिसार के विभागाध्यक्ष डॉ. मदन खीचड़ के अनुसार, 16 सितंबर के बाद मानसून फिर से सक्रिय होगा और हरियाणा में बारिश होगी। मानसून टर्फ श्री गंगानगर, बरेली, बाराबंकी, देहरी, पुरुलिया, दीघा होते हुए उत्तरपूर्व बंगाल की खाड़ी तक बना हुआ है।


डॉ. खीचड़ ने बताया कि 16 सितंबर से मानसून प्रदेश में फिर से सक्रिय होगा। इस दौरान उत्तर क्षेत्र के जिलों अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल, पानीपत और सोनीपत में आंशिक बादलवाई व कहीं-कहीं हवाओं व गरज चमक के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।

राज्य के पश्चिमी क्षेत्र के जिलों सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, भिवानी, चरखी दादरी, जींद, रोहतक, झज्जर तथा दक्षिणी क्षेत्र के जिलों महेंद्रगढ़, रेवाड़ी, गुरुग्राम, नूंह, फरीदाबाद और पलवल में वातावरण में नमी की अधिकता व तापमान में हल्की बढ़ोतरी से बीच-बीच में आंशिक बादलवाई तथा कुछ स्थानों पर छिटपुट बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static