हरियाणा में बढ़ने लगी गर्मी...31 डिग्री पहुंचा तापमान, इस दिन मौसम में होगा बदलाव, जानें ताजा अपडेट
punjabkesari.in Wednesday, Feb 25, 2026 - 09:38 AM (IST)
हरियाणा डेस्क : फरवरी जाते-जाते हरियाणा में गर्मी का असर दिख रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य का अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि कम से कम 10 जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास रहने से सुबह हल्की ठंड बनी हुई है। इसके अलावा रोहतक, भिवानी, महेंद्रगढ़, हिसार, अंबाला, गुरुग्राम और सिरसा समेत कई जिलों में अधिकतम तापमान 28 डिग्री से ऊपर रहा। 28 फरवरी को बीच-बीच में आंशिक बादलवाई रहने की संभावना है।
तापमान में हुई बढ़ौतरी
दिन के तापमान में सामान्य से करीब 3.7 डिग्री अधिक वृद्धि दर्ज की गई है, जिससे दोपहर में गर्मी महसूस हो रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान में 2–3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है।लन्यूनतम तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं हुआ है और यह सामान्य के आसपास बना हुआ है। राज्य का सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.2 डिग्री गुरुग्राम में दर्ज किया गया। कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10–14 डिग्री के बीच रहने से सुबह और रात में हल्की ठंड बनी हुई है।
किसान इन बातों का रखें ध्यान
मौसम विभाग के अनुसार मौसम शुष्क रहने से फसलों में नमी की कमी हो सकती है। इसलिए किसानों को सिंचाई करने की सलाह दी गई है। गेहूं की फसल में पीली रतुआ (येलो रस्ट) रोग की नियमित निगरानी करने, दीमक नियंत्रण के लिए फिप्रोनिल या क्लोरपाइरीफॉस का उपयोग करने और माहू (एफिड) दिखने पर नीम अर्क या थायमेथोक्साम का छिड़काव करने की सलाह दी गई है। वहीं सब्जियों व चारे के लिए किसानों को नियमित सिंचाई करने, बरसीम की कटाई समय पर करने और 15–20 दिन के अंतर पर पानी देने की सलाह दी गई है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)