Haryana Weather: हरियाणा में फिर सताएगी गर्मी, नूंह रहा सबसे गर्म, इस दिन से होगी बारिश

punjabkesari.in Monday, Sep 22, 2025 - 08:53 AM (IST)

डेस्कः हरियाणा में फिलहाल लोगों को दिन के समय तेज गर्मी का सामना करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार 28 सितंबर के बाद मौसम में बदलाव आने की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट हो सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। दूसरी ओर बीते दिन यानी रविवार को हरियाणा का सबसे गर्म जिला नूंह (मेवात) रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सबसे कम तापमान पानीपत के उझा क्षेत्र में दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 32.5 डिग्री सेल्सियस रहा।

राजस्थान से आ रही शुष्क हवाओं का असर

हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के ऊपर एंटी-साइक्लोनिक सर्कुलेशन बनने से उत्तर-पश्चिमी दिशा से शुष्क हवाएं चल रही हैं। इसके प्रभाव से हरियाणा में मौसम परिवर्तनशील लेकिन शुष्क बना रहेगा। इस दौरान दिन के तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है और बीच-बीच में हल्के बादल भी दिखाई दे सकते हैं।

25 सितंबर तक नहीं होगी बारिश

22 सितंबर (रविवार) को प्रदेश के किसी भी जिले में बारिश की संभावना नहीं है। मौसम विभाग के अनुसार 24 सितंबर तक आसमान साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी होगी। 25 सितंबर को प्रदेश में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है, जिससे तापमान में थोड़ी गिरावट आने की उम्मीद है। इसके बाद 26 सितंबर को मौसम स्थिर रहेगा, दिन में तेज धूप जबकि रात में हल्की ठंडक का अनुभव हो सकता है। 27 सितंबर को मौसम सामान्य बना रहेगा और तापमान में कोई खास बदलाव नहीं होगा।

फसलों को नुकसान, सर्वे जारी

वहीं दूसरी ओर हिसार, भिवानी, मेवात, जींद, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र समेत कई जिलों में हाल ही में हुई भारी बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है और फसलें डूबी हुई हैं। राजस्व विभाग के पटवारी खेतों का दौरा कर नुकसान का सर्वे कर रहे हैं और उसे पोर्टल पर अपलोड किया जा रहा है।

बरसात में इस साल बना रिकॉर्ड

प्रदेश में अब तक कुल 568.4 मिमी बारिश हो चुकी है, जबकि 20 सितंबर तक सामान्य औसत 411.7 मिमी मानी जाती है। यानी इस वर्ष अब तक सामान्य से 43 प्रतिशत अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। सबसे अधिक बारिश यमुनानगर में 1116.9 मिमी दर्ज की गई, जबकि सबसे कम सिरसा में 346.6 मिमी बारिश हुई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Deepak Kumar

Related News

static