Haryana Weather: 12 जिलों में बूंदाबांदी के बाद अटका Monsoon...जानें कब से फिर झमाझम बरसेगा पानी
punjabkesari.in Thursday, Aug 06, 2026 - 12:55 PM (IST)
हिसार: हरियाणा में मानसून की सक्रियता एक बार फिर कमजोर पड़ गई है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के 12 जिलों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि वीरवार को भी एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। इसके बाद 11 अगस्त तक मानसून पर ब्रेक लगे रहने के आसार हैं।
पिछले 24 घंटे में हिसार, करनाल, अंबाला, रोहतक, गुरुग्राम, भिवानी, सिरसा, कैथल, पलवल, यमुनानगर, सोनीपत और हांसी में बारिश रिकॉर्ड की गई। हालांकि अधिकांश स्थानों पर बारिश हल्की रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि हरियाणा, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मानसून ट्रफ (मानसूनी रेखा) की स्थिति लगातार बदल रही है। साथ ही चक्रवाती परिसंचरण कमजोर पड़ने से प्रदेश में मानसून ब्रेक जैसी स्थिति बन गई है।
इसी कारण फिलहाल केवल हल्की और छिटपुट बारिश हो रही है, जबकि व्यापक और तेज बारिश की संभावना कम है। मौसम विभाग के अनुसार अगले तीन दिनों तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में रुक-रुककर हल्की बारिश हो सकती है। 11 तक मानसून की गतिविधियां कमजोर रहने की संभावना है।