Haryana Weather : आने वाले 2 दिनों में मौसम लेगा यू-टर्न, तापमान में गिरावट की संभावना
punjabkesari.in Saturday, Feb 07, 2026 - 03:34 PM (IST)
चंडीगढ़ : हरियाणा में सर्दी के मौजूदा सीजन में अब कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना कम है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में तापमान में गिरावट अब केवल पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने पर ही देखने को मिलेगी। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी या बारिश होने पर ही हरियाणा के मौसम में ठंडक बढ़ेगी। मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में दिन और रात के तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में औसतन 0.3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 9 फरवरी की रात से मौसम में हल्का बदलाव देखने को मिल सकता है। एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिसका प्रभाव मुख्य रूप से पहाड़ी क्षेत्रों में रहेगा, जबकि मैदानी इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान महेंद्रगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सबसे कम रहा। वहीं रोहतक में रात का तापमान 10.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सबसे अधिक रहा।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि अगले चार दिनों तक रात के तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मौसम अनुकूल बने रहने से किसानों को भी राहत मिली है। वैज्ञानिकों के अनुसार, मौजूदा मौसम रबी फसलों के लिए फायदेमंद साबित होगा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)