हरविन्द्र कल्याण के प्रयासों से रचेगा इतिहास हरियाणा, पहली बार होगा 8 से 10 जून सीपीए सम्मेलन

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2026 - 02:27 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : हरियाणा विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण के सार्थक प्रयासों और सतत निगरानी में राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) इंडिया रीजन जोन–2 नॉर्थ जोन सम्मेलन की सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। 8 से 10 जून तक हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में आयोजित होने वाला यह प्रतिष्ठित सम्मेलन लोकतांत्रिक संस्थाओं को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। सम्मेलन में देश का प्रमुख संसदीय और विधायी पदाधिकारियों की उपस्थिति हरियाणा को राष्ट्रीय स्तर पर विशेष पहचान दिलाएगी। कार्यक्रम में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, राज्य सभा के उपसभापति, विभिन्न राज्यों के विधान सभा अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष, विधायकगण तथा लोक सभा सचिवालय के वरिष्ठ अधिकारी भाग लेंगे। सौ से अधिक प्रतिनिधियों और अतिथियों के शामिल होने की संभावना है।

तीन दिन तक चलेगा लोकतांत्रिक विमर्श का महाकुंभ

सम्मेलन का उद्घाटन सत्र 8 जून को हरियाणा विधान सभा परिसर में आयोजित किया जाएगा। इसके बाद अन्य आयोजन होंगे। 9 जून को विभिन्न तकनीकी सत्र और समापन समारोह होटल ‘द ललित’ में आयोजित होंगे, जहां संसदीय कार्यप्रणाली, लोकतांत्रिक मूल्यों और विधायिका की प्रभावशीलता से जुड़े विषयों पर व्यापक चर्चा होगी।

हरियाणा की संस्कृति और विरासत का भी होगा प्रदर्शन

सम्मेलन में आने वाले अतिथियों के लिए हरियाणा के इतिहास और सांस्कृतिक विरासत पर आधारित विशेष डॉक्यूमेंट्री प्रस्तुत की जायेगी। साथ ही पांच राज्यों को अपनी–अपनी प्रदर्शनी लगाने का अवसर भी दिया जाएगा। प्रतिनिधियों का स्वागत हरियाणवी परंपरा और संस्कृति के अनुरूप किया जाएगा। पहले दिन संवैधानिक मूल्यों पर आधारित विशेष नाटक का मंचन भी आकर्षण का केंद्र रहेगा।

सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर विशेष फोकस

सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने हरियाणा और यूटी चंडीगढ़ के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकों की हैं। सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, आवास, मीडिया प्रबंधन और प्रोटोकॉल से जुड़े सभी पहलुओं पर विस्तृत कार्ययोजना तैयार की गई है।

हरियाणा पुलिस महानिदेशक अजय सिंघल, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (सीआईडी) सौरभ सिंह तथा चंडीगढ़ पुलिस महानिदेशक डॉ. सागर प्रीत सिंह हुड्डा सहित अनेक वरिष्ठ अधिकारियों ने सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की। सम्मेलन के दौरान हरियाणा और चंडीगढ़ पुलिस के बीच बेहतर समन्वय के लिए राजपत्रित स्तर के अधिकारियों को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा। लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला को हरियाणा पुलिस द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया जाएगा। सम्मेलन को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।

स्टेट फंक्शन घोषित

हरियाणा सरकार की ओर से इस सम्मेलन को ‘स्टेट फंक्शन’ घोषित किया गया। विधान सभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण का मानना है कि यह आयोजन लोकतंत्र के बुनियादी मूल्यों को मजबूत करने तथा विभिन्न विधानमंडलों के बीच बहुत ही सादगी के साथ बेहतर संवाद स्थापित करने का प्रभावी मंच बनेगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा को देश के प्रमुख पीठासीन अधिकारियों की मेजबानी का गौरव प्राप्त हो रहा है। ऐसे में कम से कम संसाधनों के उपयोग के साथ उच्चस्तरीय और व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।

हरियाणा के लिए प्रतिष्ठा का अवसर

सीपीए इंडिया रीजन जोन–2 नॉर्थ जोन सम्मेलन केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती, संसदीय परंपराओं के आदान–प्रदान और राज्यों के बीच बेहतर समन्वय का महत्वपूर्ण मंच है। हरियाणा विधान सभा की मेजबानी में आयोजित यह सम्मेलन प्रदेश की प्रशासनिक क्षमता, सांस्कृतिक समृद्धि और लोकतांत्रिक प्रतिबद्धता को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान देने का अवसर भी साबित होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static