एशिया चैंपियनशिप में छाए हरियाणवी छोरे, सुमित दलाल बने गोल्ड मेडलिस्ट, हरदीप ने जीता कांस्य पदक

punjabkesari.in Thursday, May 28, 2026 - 01:31 PM (IST)

बहादुरगढ़  ( प्रवीण धनखड़) : बहादुरगढ़ के पहलवानों ने वियतनाम में आयोजित अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप की ग्रीको रोमन शैली में शानदार प्रदर्शन कर देश और क्षेत्र का नाम रोशन किया। 23 मई से 29 मई तक आयोजित इस प्रतियोगिता में हिन्द केसरी सोनू अखाड़े के पहलवान सुमित दलाल और हरदीप छिल्लर ने पदक जीतकर इतिहास रचा। पदक जीतकर लौटने पर अखाड़े में दोनों पहलवानों का जोरदार स्वागत किया गया।

मांडौठी गांव के पहलवान सुमित दलाल ने 63 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम किया। सुमित लगातार दूसरी बार अंडर-23 एशिया चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाले देश के पहले पहलवान बन गए हैं। इससे पहले वह वर्ल्ड मिलिट्री गेम्स में भी गोल्ड जीतने वाले भारत के पहले पहलवान रह चुके हैं। सुमित के नाम वर्ल्ड स्तर पर दो जूनियर वर्ल्ड, एक अंडर-23 वर्ल्ड और एक सब जूनियर वर्ल्ड पदक भी दर्ज हैं।

वहीं बामडोली गांव के हरदीप छिल्लर ने 130 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया। यह उनका पहला सीनियर स्तर का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट था। हरदीप इससे पहले जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशिया चैंपियनशिप में भी गोल्ड जीत चुके हैं।

दोनों पहलवानों ने अपनी सफलता का श्रेय अर्जुन अवॉर्डी कोच धर्मेंद्र दलाल को दिया। कोच धर्मेंद्र दलाल ने कहा कि दोनों खिलाड़ी बेहद प्रतिभाशाली हैं और भविष्य में भी देश के लिए पदक जीतते रहेंगे। वहीं पहलवान सुमित दलाल ने कहा कि अब उनका अगला लक्ष्य एशियन गेम्स में पदक हासिल करना और ओलंपिक क्वालीफाई कर देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल करने। उन्होंने बताया कि अब 30 मई को इसी प्रतियोगिता में उनके अखाड़े की  पहलवान दीक्षा दलाल अंडर-17 वर्ग में गोल्ड मेडल के लिए दांव लगाएंगी।


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static