खिलाड़ियों को सम्मान नहीं दे रही हरियाणा सरकार, पदक लाओ-पद पाओ’ नीति फिर से लागू हो : भूपेंद्र हुड्डा
punjabkesari.in Sunday, Aug 02, 2026 - 08:45 PM (IST)
झज्जर (दिनेश मेहरा): झज्जर पहुंचे हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने रविवार को विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में हरियाणा के खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना की और राज्य सरकार से खिलाड़ियों को उचित सम्मान व रोजगार देने की मांग की।
भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हर बार हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतरीन प्रदर्शन करते हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2010 में भी हरियाणा के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया था और पूरे देश के लगभग 70 प्रतिशत मेडल अकेले हरियाणा के खिलाड़ियों ने जीते थे।
उन्होंने इसका श्रेय खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत,प्रतिभा और समर्पण को दिया। हुड्डा ने कहा कि उनकी सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए “पदक लाओ, पद पाओ” नीति लागू की थी, जिससे खिलाड़ियों को सम्मान और रोजगार दोनों मिलते थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार ने कई खिलाड़ियों को अब तक नौकरी नहीं दी है,जिससे खिलाड़ियों में निराशा का माहौल है। उन्होंने मांग की कि सरकार को जल्द नई खेल नीति लागू करनी चाहिए और खिलाड़ियों को पूरा सम्मान देते हुए कम से कम डीएसपी स्तर की भर्ती तुरंत करनी चाहिए।
भाजपा द्वारा दिल्ली में राहुल गांधी और पप्पू यादव के खिलाफ दर्ज करवाई गई एफआईआर के सवाल पर हुड्डा ने कहा कि पहले भी पता नहीं कितनी एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर ज्यादा टिप्पणी करने से बचते हुए कहा कि ऐसे मामलों को राजनीतिक नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए।
इस अवसर पर उनके साथ झज्जर की विधायक गीता भुक्कल, बादली विधायक कुलदीप वत्स, रोहतक विधायक भारत भूषण बत्रा और कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय यादव सहित कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सामाजिक कार्यक्रमों में भी उन्होंने लोगों से मुलाकात कर विभिन्न स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)