फरीदाबाद में रफ्तार का कहर: कार की टक्कर से साइकिल सवार मिस्त्री गंभीर रूप से घायल, सीसीटीवी फुटेज आया सामने
punjabkesari.in Sunday, Oct 18, 2026 - 11:12 AM (IST)
फरीदाबाद(अनिल राठी): फरीदाबाद में तेज रफ्तार कार की टक्कर से साइकिल सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का पूरा सीसीटीवी फुटेज सामने आया है, जिसमें हादसे के बाद घायल व्यक्ति कार के नीचे फंसा नजर आ रहा है। मौके पर मौजूद लोग उसे बाहर निकालने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। वहीं, पुलिस ने घायल की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार नंबर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
दरअसल, हादसा 15 अक्टूबर की रात करीब 9 बजकर 15 मिनट से 9 बजकर 30 मिनट के बीच फरीदाबाद के सेक्टर-85 में हुआ। जानकारी के मुताबिक, संजीव नाम का करीब 35 वर्षीय व्यक्ति साइकिल से अपने घर लौट रहा था। संजीव मिस्त्री का काम करता है और हादसे के समय अपनी साइट पर काम खत्म करके वापस जा रहा था।
इसी दौरान एक कार ने उसकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि संजीव कार के नीचे फंस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। सामने आए सीसीटीवी फुटेज में हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा होती दिखाई दे रही है। लोग कार के नीचे फंसे संजीव को बाहर निकालने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं।
घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है। वहीं, इस मामले में पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि घायल संजीव की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज की मदद से कार के नंबर की पहचान कर आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई की जा रही है।