फरीदाबाद की एनआईटी नंबर-1 मार्केट में भीषण आग: कपड़ों के शोरूम समेत 4 बड़ी दुकानें जलकर राख, मची अफरा-तफरी
punjabkesari.in Thursday, Oct 15, 2026 - 09:27 AM (IST)
फरीदाबाद(अनिल राठी): फरीदाबाद एनआईटी नंबर-1 मार्केट में बुधवार देर रात कपड़ों के एक शोरूम में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने आसपास की दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में चार बड़ी दुकानों के जलने की बात सामने आई है। दुकानों में रखा लाखों रुपये का कपड़ा और अन्य सामान जलकर राख हो गया। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई।
जानकारी के अनुसार, एनआईटी नंबर-1 मार्केट में देर रात एक कपड़े के शोरूम में अचानक आग लग गई। उस समय आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया था। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास की दुकानों तक फैल गई। आग की ऊंची लपटें देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। आग तेजी से फैलने के कारण उसे बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। दमकलकर्मियों ने लगातार पानी डालकर आग को अन्य दुकानों तक फैलने से रोकने का प्रयास किया। कई घंटे की कार्रवाई के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका। हालांकि, तब तक दुकानों में रखा कपड़ा और अन्य सामान काफी हद तक जल चुका था।
आग लगने के पीछे फिलहाल शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। थाना कोतवाली एनआईटी के प्रभारी मंजीत के मुताबिक, हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। आग लगने के वास्तविक कारणों के बारे में अभी कुछ कहना संभव नहीं है। प्रभावित दुकानदारों के नुकसान का आकलन किया जा रहा है। जांच के बाद ही आग लगने की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
फरीदाबाद में धान से भरा ट्रैक्टर खेत में पलटा, नीचे दबने से किसान ने मौके पर तोड़ा दम; मची अफरा-तफरी