रोडवेज बस की तेज रफ्तार का कहर, स्प्लेंडर सवार पिता-पुत्री को मारी टक्कर... CCTV में कैद हुई लापरवाही

punjabkesari.in Sunday, Apr 05, 2026 - 07:14 PM (IST)

रेवाड़ी(महेंद्र भारती):  शहर के बस अड्डे पर रविवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब तेज रफ्तार में बस स्टैंड से निकल रही एक रोडवेज बस ने स्प्लेंडर बाइक सवार पिता-पुत्री को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत उपचार के लिए रेवाड़ी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

 पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसने बस चालक की लापरवाही को उजागर कर दिया। जानकारी के अनुसार, गांव गुरदास माजरा निवासी प्रदीप कुमार अपनी बेटी के साथ स्प्लेंडर बाइक पर नई वाली चौक से अंबेडकर चौक, गढ़ी बोलनी रोड की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वे बस अड्डे के निकास द्वार के पास पहुंचे, उसी दौरान बस स्टैंड से तेज गति में निकल रही रोडवेज बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिता-पुत्री सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गए।

 प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के तुरंत बाद बस चालक मौके से उतरकर फरार हो गया। इतना ही नहीं, कुछ देर बाद दूसरा चालक बस को पीछे हटाने की कोशिश करने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद लोगों ने विरोध करते हुए बस को वहीं रुकवा दिया, ताकि साक्ष्यों से छेड़छाड़ न हो सके। घायल प्रदीप कुमार ने बताया कि उन्होंने बस को देखकर बचने का प्रयास किया, लेकिन बस की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह खुद को और बेटी को नहीं बचा सके। हादसे में प्रदीप कुमार के पैर में गंभीर चोट आई है, जिस पर 16 टांके लगे हैं, जबकि उनकी बेटी के पैर में भी चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

 पुलिस ने घायल पिता के बयान दर्ज कर लिए हैं तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार बस चालक की तलाश तेज कर दी है।मइस घटना ने एक बार फिर बस अड्डों और सार्वजनिक स्थलों पर रोडवेज चालकों की लापरवाही और तेज रफ्तार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि बस स्टैंड जैसे संवेदनशील क्षेत्र में भी वाहन चालक सावधानी नहीं बरतेंगे, तो आम लोगों की सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static