तेज रफ्तार में बिगड़ा संतुलन, साइकिल सवार को बचाते हुए सड़क पर जा गिरा ITI छात्र, हुआ घायल

punjabkesari.in Thursday, Mar 26, 2026 - 01:02 PM (IST)

रेवाड़ी (महेंद्र भारती) : रेवाड़ी जिले में लापरवाही और अचानक सामने आए खतरे ने एक युवक को गंभीर हादसे का शिकार बना दिया। गांव जड़थल के पास साइकिल सवार को बचाने के प्रयास में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर जा गिरी, जिसमें आईटीआई का छात्र बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद कुछ देर तक युवक अर्ध-बेहोशी की हालत में सड़क पर पड़ा रहा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। 

जानकारी के अनुसार गांव निगानीयावास निवासी मनेंद्र देर रात अपनी मोटरसाइकिल से गांव लौट रहा था। जैसे ही वह जड़थल के समीप पहुंचा, अचानक एक साइकिल सवार उसकी बाइक के सामने आ गया। टक्कर से बचने के लिए उसने तुरंत बाइक मोड़ी, लेकिन तेज रफ्तार के चलते संतुलन बिगड़ गया और मोटरसाइकिल फिसलकर सड़क पर गिर गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि मनेंद्र को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। 

अर्ध-बेहोशी में सड़क पर पड़ा रहा, राहगीरों ने बचाई जान

हादसे के बाद आसपास से गुजर रहे लोगों ने मौके पर पहुंचकर घायल को संभाला और तुरंत पुलिस को सूचना दी। राहगीरों की मदद से अर्ध-बेहोशी की हालत में मनेंद्र को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। मनेंद्र ने बताया कि वह आईटीआई में फिटर ट्रेड का छात्र है। पुलिस ने मामले की सूचना मिलते ही जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की गहनता से पड़ताल की जा रही है।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)       

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static