Weather Alert: हरियाणा में आसमानी आफत! इन 6 जिलों में जमकर होगी ओलावृष्टि...चलेंगी तूफानी हवाएं
punjabkesari.in Saturday, Apr 04, 2026 - 08:55 AM (IST)
हरियाणा डेस्क : हरियाणा में मौसम में आज बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के मुताबिक राज्य के कई जिलों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की गतिविधियां देखने को मिलेंगी। तेज हवाएं चलने और गरज-चमक के साथ बारिश का असर दिखाई देगा। मौसम विभाग ने आज के लिए प्रदेश के दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि अधिकांश अन्य जिलों में येलो अलर्ट रहेगा।
ऑरेंज अलर्ट वाले जिलों में गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह (मेवात), महेंद्रगढ़ और रेवाड़ी शामिल है, जहां तेज आंधी, बिजली गिरने और ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है, जबकि हिसार, भिवानी, रोहतक, सोनीपत, पानीपत, करनाल, कुरुक्षेत्र, अंबाला, यमुनानगर समेत बाकी जिलों में येलो अलर्ट रहेगा। बीते दिन प्रदेश के कई जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि ने असर दिखाया। बदलते मौसम के कारण किसानों और आमजन को परेशानी में डाल दिया है।
अधिकतम तापमान में दर्ज की गई गिरावट
प्रदेश में औसत अधिकतम तापमान में करीब 3.6 डिग्री सेल्सियस की कमी आई, जिससे मौसम ठंडा महसूस हुआ। कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे रहा। नूंह में सबसे अधिक 34.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि चंडीगढ़, रोहतक और करनाल समेत कई जगहों पर तापमान 30 से 33 डिग्री के बीच रहा। दिन के तापमान में गिरावट के साथ रात का तापमान सामान्य के आसपास बना रहा।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)