Rain: हरियाणा के इस जिले में तेज आंधी तूफान के बाद जोरदार बारिश, लोगों को भीषण गर्मी से मिली राहत
punjabkesari.in Saturday, May 30, 2026 - 03:58 PM (IST)
यमुनानगर (परवेज खान) : यमुनानगर में मौसम ने अचानक करवट ली। पहले तेज हवाएं चलीं और आसमान में काले बादल छा गए। इसके बाद तेज आंधी और तूफान के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। कुछ ही देर में सड़कों पर पानी भर गया और पूरा शहर बारिश से तरबतर नजर आया।
पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी और उमस से लोग परेशान थे। लगातार बढ़ते तापमान के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा था। लेकिन बारिश होने के बाद मौसम सुहावना हो गया और लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली। बाजारों, पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर लोगों ने बारिश का आनंद लिया। मौसम विभाग ने पहले ही यमुनानगर सहित आसपास के क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई थी। विभाग की भविष्यवाणी एक बार फिर सटीक साबित हुई।
वहीं मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी विक्षोभ और स्थानीय मौसमी गतिविधियों के कारण क्षेत्र में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। गौरतलब है कि बीते रविवार को भी जिले में बारिश हुई थी, जिसके बाद तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई थी। एक बार फिर हुई बारिश ने लोगों को तपती गर्मी से राहत दी है। यदि आने वाले दिनों में इसी तरह मौसम बना रहता है तो तापमान में और कमी देखने को मिल सकती है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)