NEET Exam: परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए Helpline नंबर जारी, परीक्षा केंद्रों के आस-पास धारा 163 लागू
punjabkesari.in Sunday, May 03, 2026 - 01:13 PM (IST)
सिरसा (सतनाम सिंह) : आज रविवार को आयोजित होने वाली नीट (यूजी) परीक्षा के सफल, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियां की गई है। परीक्षार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएं की गई हैं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
हेल्पलाइन नंबर जारी
स्थानीय लघु सचिवालय के कमरा नंबर-39 में इस संबन्धी जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या जानकारी के लिए परीक्षार्थी, नागरिक 01666-248881 हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। सुबह 11 बजे से परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों की एंट्री शुरू हो गई है और दोपहर 1:30 बजे परीक्षा केंद्र के गेट बंद कर दिए जाएंगे। परीक्षा का समय दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक रहेगा, जबकि दिव्यांग अभ्यर्थियों का समय दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा। परीक्षा के शांतिपूर्ण व सफलतापूर्ण संचालन के लिए परीक्षा केंद्रों के आस-पास धारा 163 लागू रहेगी।
परीक्षा केंद्रों पर कुल 2451 परीक्षार्थी लेंगे भाग
इस परीक्षा के लिए जिले में कुल 6 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, इन परीक्षा केंद्रों पर कुल 2451 परीक्षार्थी भाग लेंगे। परीक्षा केंद्र में किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन, ब्लूटूथ, ईयरफोन, माइक्रोफोन, पेजर, स्मार्ट वॉच या अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा किसी भी प्रकार की लिखित या मुद्रित सामग्री, कैलकुलेटर, पेन ड्राइव, स्कैनर, बैग, पर्स, बेल्ट, आभूषण, कैमरा आदि भी पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
वहीं परीक्षार्थियों और अभिभावकों ने बताया कि प्रशासन की ओर से बहुत अच्छी व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि बच्चों की एंट्री से लेकर बच्चों के रूम तक पहुंचाने के लिए व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सुरक्षा कर्मियों को भी यहां पर तैनात किया गया है ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत ना आए। वही सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं नकल रहित परीक्षा करवाने के लिए बच्चों को चेकिंग के बाद ही अंदर जाने दिया जा रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)