कसौली रेप केस में हाई कोर्ट सख्त! निचली अदालत ने फेरा था पानी, अब हाई कोर्ट पहुंची पीड़िता
punjabkesari.in Friday, May 29, 2026 - 05:27 PM (IST)
डेस्क : सोलन जिले के कसौली दुष्कर्म मामले में पीड़िता कसौली कोर्ट के फैसले के खिलाफ हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट पहुंची है। कसौली कोर्ट ने मामले को फिर से खोलने से इन्कार कर दिया था। हाई कोर्ट ने मामले पर प्रारंभिक सुनवाई करते हुए जिला अदालत से केस से जुड़े सभी दस्तावेज और रिकार्ड मांगे हैं। कोर्ट ने राज्य सरकार को नोटिस जारी किया है। सोनीपत में नौकरी करने वाली दिल्ली की महिला ने हरियाणा भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर कसौली में दुष्कर्म के आरोप लगाए हैं।
इससे पहले, कसौली कोर्ट ने इस मामले की फाइल को दोबारा खोलने (Re-open) से साफ इनकार कर दिया था। निचली अदालत के इसी फैसले के खिलाफ पीड़िता ने हाई कोर्ट में अपील दायर की। पीड़िता की याचिका पर संज्ञान लेते हुए हाई कोर्ट ने अब पूरे केस की फाइल अपने पास मंगवाई है, ताकि कानूनी पहलुओं की दोबारा बारीकी से जांच की जा सके।
दूसरी ओर, हरियाणा भाजपा के दिग्गज नेता मोहन लाल बड़ौली ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है। बड़ौली का कहना है कि मेरे खिलाफ लगाए गए इन दुष्कर्म के आरोपों में रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। यह पूरा मामला बेबुनियाद और राजनीति से प्रेरित है।"
क्या है पूरा मामला?
यह मामला दिल्ली की रहने वाली और सोनीपत में नौकरी करने वाली एक महिला से जुड़ा है। महिला ने 13 दिसंबर 2024 को हरियाणा भाजपा के निवर्तमान अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और मशहूर गायक रॉकी मित्तल के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। महिला का आरोप है कि 3 जुलाई 2023 को आरोपी उसे कसौली के एक नामी होटल में ले गए। वहाँ उसे जबरन शराब पिलाई गई और उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ दुष्कर्म (रेप) किया गया।