मौत के मुंह से निकला हिसार शूटआउट का घायल, 5 घंटे चला जटिल ऑपरेशन... पुलिस जांच में नए खुलासे
punjabkesari.in Friday, Aug 21, 2026 - 08:12 AM (IST)
हिसार(विनोद): हिसारकोर्ट परिसर में गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की हत्या के मामले में अब घायलों और गिरफ्तार आरोपी को लेकर नई जानकारी सामने आई है। फायरिंग में विनोद के दो साथी भी घायल हुए हैं। इनमें हांसी के उमरा निवासी रविंद्र और भिवानी के मंडोली गांव निवासी योगेश शामिल हैं।
उमरा निवासी रविंद्र के पेट में गोली लगी है। बताया जा रहा है कि एक हमलावर को पकड़ने के दौरान हुई फायरिंग में चली गोली रविंद्र को लगी। उसे गंभीर हालत में हिसार के सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने डॉ. तरुण सपरा के नेतृत्व में करीब पांच घंटे की मैराथन सर्जरी कर उसकी जान बचाई।
सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के डॉक्टर पंकज के अनुसार रविंद्र को पेट में गंभीर गोली की चोट लगी थी। गोली पेट को आर-पार करते हुए निकल गई थी। चोट के कारण पेशाब की नली यानी यूरेटर, ब्लैडर और पीछे रेक्टम के पास भी नुकसान हुआ था। डॉक्टरों की टीम ने करीब पांच घंटे तक ऑपरेशन कर इन चोटों की मरम्मत की। रविंद्र की हालत फिलहाल गंभीर लेकिन स्थिर बताई गई है। डॉक्टरों के अनुसार उसे कम से कम 72 घंटे निगरानी में रखा जाएगा, ताकि अंदरूनी ब्लीडिंग या संक्रमण जैसी जटिलताओं पर नजर रखी जा सके। दूसरे घायल योगेश को विनोद पानू पर हुई शुरुआती फायरिंग के दौरान छर्रे लगे थे। उसकी स्थिति को लेकर भी अस्पताल में उपचार किया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में राकेश पुत्र बालराज, निवासी खरड़, हिसार को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल असलहा बरामद किए जाने की जानकारी है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या की पूरी साजिश, अन्य आरोपियों तथा वारदात के पीछे की वजहों का पता लगाने में जुटी है। इस बीच सामने आए वीडियो में हमलावर को पकड़ने के दौरान भी गोली चलने की आवाज सुनाई दे रही है। इसी दौरान चली गोली रविंद्र को लगने की बात सामने आई है। कोर्ट परिसर में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल लगातार बने हुए हैं और पुलिस अब CCTV फुटेज, मौके से मिले साक्ष्यों तथा गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ रही है।
डॉक्टर पंकज ने बताया कि गोली किस प्रकार की थी, इसकी पुष्टि फॉरेंसिक जांच के बाद ही हो सकेगी। अस्पताल की ओर से मामले की चिकित्सकीय जानकारी पुलिस को दी गई है।
बाइट: डॉ. पंकज, सपरा मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल, हिसार