हिसार जीवन हत्याकांड : महापंचायत में बोले प्रदर्शनकारी- जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो टोल नाके होंगे जाम, CM के झंडा फहराने को रोकने की भी दी चेतावनी

punjabkesari.in Wednesday, Aug 12, 2026 - 04:13 PM (IST)

हिसार (विनोद सैनी) : हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड को 10 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अभी तक मृतक का अंतिम संस्कार नहीं किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों और खाप प्रतिनिधियों का लघु सचिवालय के बाहर धरना लगातार जारी है। बुधवार को इसी मामले को लेकर लघु सचिवालय के सामने बड़ी महापंचायत का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों की संख्या में किसान संगठनों, खाप प्रतिनिधियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों के लोगों ने हिस्सा लिया।

महापंचायत सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई और शाम 3 बजे तक चली। करीब चार घंटे चली महापंचायत में 11-12 सदस्यीय कमेटी ने आंदोलन को लेकर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए।

13 अगस्त तक गिरफ्तारी का अल्टीमेटम

महापंचायत में सरकार और प्रशासन को 13 अगस्त तक का समय दिया गया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि तक जीवन हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 14 अगस्त को हरियाणा के टोल प्लाजा पर तीन घंटे का चक्का जाम किया जाएगा। कमेटी के मुताबिक,14 अगस्त को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक टोल और प्रमुख मार्गों को बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके बाद 15 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हांसी में झंडा फहराने से रोकने की चेतावनी भी महापंचायत में दी गई।

सुरेश कोथ बोले- जीवन किसी एक परिवार का नहीं

कमेटी सदस्य सुरेश कोथ ने कहा कि उनके बेटे को आज 10 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक न्याय नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि परिवार को उम्मीद थी कि सरकार और प्रशासन उनकी मदद करेंगे, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जीवन सिर्फ एक परिवार या गांव का बच्चा नहीं, बल्कि पूरे समाज का बेटा है। उन्होंने समाज के लोगों से आंदोलन में साथ देने की अपील की और कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

PunjabKesari

कमेटी सदस्य शमशेर सिंह लंबरदार ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

महापंचायत में शमशेर सिंह लंबरदार ने सरकार और प्रशासन पर आरोप लगाते हुए कहा कि जीवन कुंडू हत्याकांड में अब तक परिणाम शून्य है। उन्होंने कहा कि किसान संगठनों, खापों, श्रमिक संगठनों और अन्य संघर्षशील संगठनों ने जीवन को न्याय दिलाने के लिए आंदोलन को प्रदेश स्तर पर ले जाने का फैसला किया है।

उन्होंने कहा कि 13 अगस्त तक सरकार और प्रशासन को कार्रवाई का मौका दिया गया है। यदि आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती तो 14 अगस्त को पूरे हरियाणा में सड़क और टोल बंद करने का आंदोलन किया जाएगा।उन्होंने हिसार जिले के विभिन्न टोल प्लाजा का जिक्र करते हुए कहा कि आंदोलन में जिले की भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी रहेगी।

डीसी और पुलिस प्रशासन पर भी उठाए सवाल
महापंचायत में वक्ताओं ने हिसार के प्रशासन और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि मामले में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए।

महापंचायत में मौजूद लोगों ने कहा कि यदि सरकार ने उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन को प्रदेश स्तर पर और व्यापक किया जाएगा। फिलहाल जीवन कुंडू के परिजनों और खापों का धरना जारी है और सभी की नजरें अब 13 अगस्त तक होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।

(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static