Hisar Murder Case : डेयरी संचालक की हत्या पर गुस्साए परिजन और खाप प्रतिनिधियों का हंगामा, पक्का धरना का ऐलान
punjabkesari.in Saturday, Aug 08, 2026 - 04:35 PM (IST)
हिसार (विनोद सैनी) : हिसार के सूर्यनगर में डेयरी संचालक जीवन की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजन और खाप प्रतिनिधियों ने शनिवार को सड़क जाम कर दी। 48 घंटे का अल्टीमेटम खत्म होने के बाद भी कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन तेज हो गया है।
सूर्यनगर निवासी डेयरी संचालक जीवन की हत्या के बाद इलाके में तनाव बना हुआ है। परिजन और पूनिया व कुंडू खाप के प्रतिनिधि आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर लघु सचिवालय पहुंचे थे, लेकिन उनका आरोप है कि करीब 3 से 4 घंटे इंतजार के बावजूद SP सिद्धांत जैन उनसे मिलने नहीं आए।

कुंडू खाप के प्रधान राजबीर सुरेश कोथ ओर सुरेंद्र मान ने कहा कि जैसे ही उन्होंने रोड जाम किया, SP महज 3 मिनट में मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें लगी होने की बात कही, लेकिन खाप प्रतिनिधि इससे संतुष्ट नहीं हुए और SP को वापस जाने के लिए कह दिया।
एसपी के आश्वाशन से संतुष्ट नहीं है। अब परिजन और खाप ने लघु सचिवालय में पक्का धरना देने का ऐलान किया है। परिवार ने साफ कहा है कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक जीवन का अंतिम संस्कार नहीं किया जाएगा।
हम 48 घंटे का समय देकर आए थे, लेकिन प्रशासन ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। अब जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा धरना जारी रहेगा।
यह है पूरा मामला
बताया जा रहा है कि करीब डेढ़ महीने पहले जीवन का पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद डेयरी में खोर (हौद) बनाने के दौरान भी दोनों पक्षों में झगड़ा हुआ।
आरोप है कि इस दौरान रमेश पक्ष ने जीवन की पत्नी पर बरछी से हमला किया था, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज किया था। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी होने का दावा कर रही है, लेकिन परिवार और खाप प्रतिनिधियों का आंदोलन अब और तेज होने के संकेत दे रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)