ईमानदारी अभी जिंदा है...होमगार्ड जवान ने लौटाए बुजुर्ग के रुपये, भावुक हुआ रुल्दा राम
punjabkesari.in Friday, Apr 10, 2026 - 12:36 PM (IST)
बराड़ा (अनिल कुमार) : थाना बराड़ा में तैनात होमगार्ड के जवान हरविंदर सिंह ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए व्यक्ति के गुम हुए रुपये उसे वापस लौटाकर मानवता का परिचय दिया।
जानकारी के अनुसार हरविंदर सिंह को थाना परिसर में एक पॉलिथीन पड़ी मिली। जब उन्होंने उसे खोलकर देखा तो उसमें करीब 1500 रुपये थे। उन्होंने तुरंत मामले की जांच शुरू की और पता चला कि गांव अधोया के कुछ लोग थाने में किसी कार्य से आए हुए थे, जिनमें से किसी के ये पैसे हो सकते हैं।
पैसे वापस पाकर भावुक हुआ बुजुर्ग
जांच के बाद अधोया मुसलमान निवासी बुजुर्ग रुल्दा राम को थाने में बुलाया गया और रुपये उन्हें सौंप दिए गए। अपने पैसे वापस पाकर रुल्दा राम भावुक हो उठे। उन्होंने बताया कि ये पैसे दवाई लेने के लिए रखे थे और गिर जाने के कारण वह काफी परेशान थे। उन्होंने पुलिस और होमगार्ड जवान का आभार व्यक्त किया।
वहीं थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने होमगार्ड जवान की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्य समाज के लिए प्रेरणादायक हैं। उन्होंने कहा कि हरविंदर सिंह ने यह साबित कर दिया कि ईमानदारी आज भी जिंदा है और ऐसे कर्मठ जवानों पर पुलिस विभाग को गर्व है। थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह ने कहा कि सभी पुलिसकर्मियों को ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा को अपना सर्वोच्च धर्म मानते हुए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही पुलिस की सबसे बड़ी पूंजी है, जिसे ऐसे ही सराहनीय कार्यों से और मजबूत किया जा सकता है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)