अंबाला में बड़ा हादसा: चंडीगढ़ से मरीज छोड़कर लौट रही सरकारी एंबुलेंस धूं-धूं कर जली, बोनट खोलते ही भड़की आग
punjabkesari.in Thursday, Jul 02, 2026 - 02:37 PM (IST)
अंबाला: कुरुक्षेत्र से चंडीगढ़ मरीज छोड़कर वापस लौट रही एक सरकारी एंबुलेंस में बुधवार शाम अंबाला के सद्दोपुर के पास अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि जब तक दमकल विभाग (फायर ब्रिगेड) की गाड़ी मौके पर पहुंचती, तब तक पूरी एंबुलेंस जलकर पूरी तरह खाक हो चुकी थी। गनीमत यह रही कि हादसा मरीज को अस्पताल छोड़ने के बाद हुआ, जिससे एक बड़ा जानी नुकसान टल गया।
बोनट खोलते ही आग की लपटों में घिरी एंबुलेंस
एंबुलेंस चालक कृष्ण कुमार (निवासी कुरुक्षेत्र) ने बताया कि वह कुरुक्षेत्र की पीएचसी सियाना (PHC Siana) से एक मरीज को चंडीगढ़ सेक्टर-32 अस्पताल में छोड़कर वापस आ रहे थे। जैसे ही वह अंबाला के सद्दोपुर के पास पहुंचे, उन्हें अचानक इंजन से तेज धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया।
फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले जलकर खाक हुई गाड़ी
पुल के नीचे खड़ी गाड़ी में आग लगते ही हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और चालक ने तुरंत फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी। लेकिन आग की रफ्तार इतनी भयावह थी कि जब तक दमकल कर्मी गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाया, तब तक सरकारी एंबुलेंस का सिर्फ लोहे का ढांचा ही बचा रह गया था।
जांच के दायरे में एंबुलेंस की फिटनेस
इस हादसे के बाद सरकारी वाहनों, विशेषकर आपातकालीन सेवाओं में लगी एंबुलेंस की मेंटेनेंस और फिटनेस को लेकर सवाल उठने लगे हैं। शुरुआती अंदेशा शॉर्ट सर्किट या इंजन ओवरहीटिंग का जताया जा रहा है। गनीमत रही कि चालक कृष्ण कुमार समय रहते गाड़ी से बाहर आ गए और एंबुलेंस में कोई मरीज या तीमारदार मौजूद नहीं था।