सर्वाइकल कैंसर रोकथाम के लिए हरियाणा सरकार का अभियान तेज,  13,500 से अधिक किशोरियों को लगा टीका

punjabkesari.in Thursday, Apr 23, 2026 - 06:15 PM (IST)

हरियाणा : हरियाणा सरकार ने सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान को तेज कर दिया है। मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में अभियान की प्रगति पर चर्चा की गयी।

राज्य में 22 अप्रैल तक 13,500 से अधिक किशोरियों को टीका लगाया जा चुका है, जिनमें से 561 को पहले ही दिन टीकाकरण किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, 14-15 वर्ष आयु वर्ग की करीब 2.26 लाख लड़कियों के लिए 2.28 लाख वैक्सीन डोज उपलब्ध करायी गयी हैं। अधिकारियों ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर के अधिकांश मामलों के लिए ह्यूमन पैपिलोमा वायरस जिम्मेदार है। एकल-खुराक रणनीति से भविष्य में इस बीमारी के मामलों में कमी आने की उम्मीद है। ग्रामीण एवं पिछड़े क्षेत्रों में जागरूकता बढ़ाने के लिए प्रशासन को निर्देश दिये गये हैं। स्कूलों और सामुदायिक स्तर पर अभियान चलाकर अभिभावकों को जागरूक किया जा रहा है। 

टीकाकरण की निगरानी यू-विन प्लेटफार्म के माध्यम से की जा रही है, जिससे पंजीकरण और प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया डिजिटल रूप से पूरी हो रही है। विशेषज्ञों के अनुसार एचपीवी वैक्सीन सुरक्षित और प्रभावी है। इसके हल्के दुष्प्रभाव जैसे बुखार या दर्द को पैरासिटामोल से नियंत्रित किया जा सकता है। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे इस अभियान में सहयोग करें, ताकि भविष्य में सर्वाइकल कैंसर के मामलों को कम किया जा सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static