जुलाई में जारी नहीं होगा HTET का रिजल्ट, इस कारण अटका परिणाम...2.33 लाख अभ्यर्थियों का बढ़ा इंतज़ार

punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 02:43 PM (IST)

भिवानी:  हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (BSEH) द्वारा आयोजित हरियाणा अध्यापक पात्रता परीक्षा (HTET)-2026 का परिणाम तय समय पर जारी नहीं हो सकेगा। प्रश्नपत्रों में मिस प्रिंट, गलत विकल्प और अन्य तकनीकी त्रुटियों को लेकर अभ्यर्थियों द्वारा दर्ज कराई गई 18 हजार से अधिक आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया के चलते परिणाम में देरी हो रही है। अब विषय विशेषज्ञों की अंतिम रिपोर्ट के आधार पर ही परिणाम घोषित किया जाएगा, जिससे प्रदेश के लगभग 2.33 लाख अभ्यर्थियों का इंतजार बढ़ गया है।


बोर्ड ने पहले जुलाई के अंतिम सप्ताह में परिणाम जारी करने का लक्ष्य रखा था, लेकिन प्रश्नपत्रों में सामने आई खामियों के कारण यह प्रक्रिया लंबी हो गई। एचटेट के तीनों स्तरों की परीक्षा के बाद अभ्यर्थियों ने त्रुटियों को लेकर 18 हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज कराई थीं।बोर्ड अधिकारियों ने प्रश्नपत्रों में त्रुटियां होने की पुष्टि की है। विषय विशेषज्ञों की समिति द्वारा आपत्तियों के परीक्षण के बाद, समिति की सिफारिश के आधार पर प्रभावित अभ्यर्थियों को ग्रेस अंक दिए जाएंगे।

परिणाम में किसी भी प्रकार की त्रुटि न रहे, इसके लिए बोर्ड प्रशासन पूरी सावधानी बरत रहा है। सुरक्षा के लिहाज से तीनों स्तरों की ओएमआर (OMR) शीट्स को बोर्ड अध्यक्ष कक्ष के पास स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में सील कर रखा गया है। परिणाम घोषित होने तक इस क्षेत्र में कर्मचारियों के प्रवेश पर भी पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static