जनता की सेवा की है, आगे भी करता रहूंगा, पंचकूला को विकसित जिला बनाना मेरा अगला लक्ष्य : ज्ञानचंद गुप्ता

punjabkesari.in Sunday, Sep 22, 2024 - 07:42 PM (IST)

पंचकूला(चंद्र शेखर धरणी):  भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता ने रविवार को अपने चुनावी अभियान के दौरान कहा कि मैने 10 साल पंचकूला की जनता की सेवा की है और आगे भी करता रहूंगा। जनता का विश्वास ही मेरी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि पंचकूला जिला को विकसित जिला बनाना ही मेरा अगला लक्ष्य है। इस दौरान श्री गुप्ता ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार करना ही कांग्रेस की पहचान बन गई है। कांग्रेस के नेताओं की सोच में भ्रष्टाचार रच और बस गया है। चुनावी अभियान के दौरान ज्ञानचंद गुप्ता ने शनिवार को बरवाला में हुई सीएम नायब सिंह की भव्य सफल रैली के लिए पंचकूला की जनता का आभार जताया।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि अभी तो चुनाव चल रहा है और कांग्रेस के प्रत्याशी नौकरियों में हिस्से बांट रहे हैं। श्री गुप्ता ने कहा कि हरियाणा की जनता ने कांग्रेस को 2014 में ही नकार दिया था और अब 2024 में जनता कांग्रेस का सूपड़ा ही साफ कर देगी। ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि जनता का विश्वास मेरी सबसे बड़ी ताकत है, पंचकूला की जनता फिर से कमल खिलाने का मन बना चुकी है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हरियाणा के विकास के लिए कमल के फूल के निशान पर वोट देकर तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाएं।  

भाजपा प्रत्याशी ज्ञानचंद गुप्ता ने अपने चुनावी अभियान की शुरूआत यवनिका पार्क सेक्टर-5 से की। इसके बाद ज्ञानचंद गुप्ता ने सेक्टर-7, सनसिटी, सेक्टर-12ए, सेक्टर-10 में लोगों की जनसभाओं को संबोधित किया और डोर टू डोर संपर्क कर भाजपा को जिताने की अपील की। श्री गुप्ता गांव बुंगा में गुरुद्वारा में आयोजित शोकसभा में भी सम्मिलत हुए और पुण्य आत्मा की शांति के लिए भगवान से प्रार्थना की। इसके बाद ज्ञानचंद गुप्ता ने चुनाव कार्यालय में कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनाव में कड़ी मेहनत करने का आग्रह किया। 

जनसंपर्क अभियान के दौरान जगह-जगह श्री गुप्ता का स्वागत हुआ और लोगों ने भरपूर समर्थन और आशीर्वाद दिया। इस दौरान ज्ञानचंद गुप्ता ने कांग्रेस पार्टी की झूठ की पोल खोली और भाजपा की उपलब्धियों, कार्यों और योजनाओं के बारे में खुलकर बात की। श्री गुप्ता ने कहा कि भाजपा का मेनिफेस्टो हर काम को पूरा करने की गारंटी है। वहीं उन्होंने कांग्रेस के मेनिफेस्टो को झूठ का पुलिंदा कहा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसी तरह की झूठ हिमाचल, तेलंगाना और कर्नाटक में बोलकर सत्ता हथिया चुकी है, लेकिन कांग्रेस ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया। हिमाचल के हालात तो ऐसे हैं कि कर्मचारियों के लिए वेतन देने के पैसे कांग्रेस सरकार पर नहीं है।

ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि मेरा लक्ष्य पंचकूला का विकास कराना है, जबकि कांग्रेस प्रत्याशी का पंचकूला के विकास से कोई लेना-देना नहीं है।  उन्होंने कहा कि जहां-जहां पर चुनावी जनसभाएं हो रही हैं, जनता का एक ही मत है कि फिर से पंचकूला में कमल खिलेगा और तीसरी बार भाजपा की सरकार बनेगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static