नाम ही कर्ण-अर्जुन रखे हैं तो महाभारत होना ही था : तंवर

punjabkesari.in Saturday, Dec 01, 2018 - 09:12 AM (IST)

सोनीपत(दीक्षित): कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अशोक तंवर ने नगर निगम चुनाव सिम्बल पर लडऩे की उम्मीद छोड़ी नहीं है। उन्होंने कहा कि सिम्बल पर चुनाव नहीं लडऩे का फैसला जनता व कार्यकर्ताओं की भावना के अनुरूप नहीं है। इस पर एक बार फिर विचार करने के लिए वे हाईकमान से मिलेंगे और वास्तविक स्थिति से अवगत करवाएंगे। केवल यह तर्क सही नहीं है कि 50 वर्षों से कांग्रेस कभी निगम चुनाव सिम्बल पर नहीं लड़ी। अब परिस्थिति बदली हुई है। 

अशोक तंवर शुक्रवार को सोनीपत में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने सोनीपत विधानसभा क्षेत्र से 2 बार इनैलो के प्रत्याशी रहे सतेंद्र नांदल को कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करवाई। सतेंद्र नांदल इनैलो के ब्लाक अध्यक्ष रहने के अलावा ट्रक यूनियन के प्रधान भी रह चुके हैं। नांदल ने अपने समर्थकों के साथ इनैलो को अलविदा कहा। 

इस दौरान अशोक तंवर ने कहा कि इनैलो का खेल अब खत्म हो चुका है। कुर्सी की लड़ाई में जनता के सामने पोल खुल चुकी है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि इनैलो में महाभारत तो होना ही था, क्योंकि नाम ही दुष्यंत, कर्ण, अर्जुन (महाभारत के पात्रों के नाम) रखे हुए हैं। उन्होंने पूर्व सी.एम. हुड्डा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दम है तो लोग अपने-अपने निगम क्षेत्रों को संभालें और जितवाकर लेकर आएं।

ब्लाक अध्यक्षों व जिलाध्यक्षों की नियुक्ति न होने के मामले में उन्होंने कहा कि नया प्रभारी नियुक्ति होने के बाद सभी नियुक्तियां कर दी जाएंगे। सी.एम. मनोहर लाल के उस पर बयान पर भी उन्होंने निशाना साधा जिसमें कहा था कि कांग्रेस के 7 आदमी रोजाना सी.एम. बनकर सोते हैं। उन्होंने कहा कि सपना देखना अच्छी बात है। 7 ही नहीं बल्कि 700 लोगों को यह सपना देखना चाहिए। उन्होंने कहा कि खट्टर की दुकान में अब कोई सामान नहीं रहा। इस अवसर पर राजबीर दहिया भी मौजूद थे।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Rakhi Yadav

Related News

static