हरियाणा में गन्ना किसानों के लिए अहम खबर, आधुनिक खेती पर सरकार दे रही बंपर सब्सिडी, फटाफट करें ऑनलाइन आवेदन

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 06:37 PM (IST)

हरियाणा डेस्क : हरियाणा के कृषि और किसान कल्याण विभाग ने साल 2026-27 के लिए 'गन्ना तकनीकी उद्देश्य परियोजना' के तहत किसानों के हित में एक अहम पहल शुरू की है। इस योजना के तहत, राज्य के प्रमुख गन्ना उत्पादक क्षेत्रों - यमुनानगर, नारायणगढ़, शाहाबाद, करनाल, असंध, भादसों, पानीपत, कैथल, रोहतक, सोनीपत, जींद, पलवल, भुना, गोहाना और महम में सहायक गन्ना विकास अधिकारियों के अधिकार क्षेत्र में आने वाले किसानों को अनुदान राशि दी जाएगी।

इस बारे में जानकारी देते हुए विभाग के एक प्रवक्ता ने बताया कि यह अनुदान राशि आधुनिक तरीकों से गन्ने की अधिसूचित और अनुशंसित किस्मों की बुवाई पर दी जाएगी, जैसे कि "चौड़ी कतारों के बीच दूरी (4 फीट) को बढ़ावा देना", सिंगल-बड, बड-चिप विधि, फाउंडेशन सीड नर्सरी/बीज उपचार, और 4 फीट की कतार दूरी में रटून प्रबंधन के माध्यम से प्रदर्शन प्लॉट तकनीकें शामिल है।

आवेदन की समय-सीमा के बारे में जानकारी देते हुए प्रवक्ता ने कहा कि जिन किसानों ने वसंत या गर्मी के मौसम (अप्रैल के बाद) में गन्ने की बुवाई की है, वे इस योजना का लाभ उठाने के लिए 30 सितंबर, 2026 तक अपना पंजीकरण करा सकते हैं। वहीं, जो किसान सर्दियों के मौसम (अगले अक्टूबर-नवंबर) में गन्ने की बुवाई करने जा रहे हैं, उनके लिए आवेदन की तारीख 1 अक्टूबर, 2026 से 31 दिसंबर, 2026 तय की गई है। इच्छुक किसान विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriharyana.gov.in पर जाकर अपना ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। इसके अलावा, राज्य सरकार कृषि क्षेत्र में मशीनीकरण को बढ़ावा देने के लिए "गन्ना उपकरणों में मशीनीकरण" योजना के तहत विभिन्न कृषि उपकरणों पर सब्सिडी भी दे रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Harman

Related News

static