कैथल में सरेआम गुंडागर्दी, 10-12 बदमाशों ने युवक को गंडासे और लाठी-डंडों से पीटा, CCTV में कैद घटना
punjabkesari.in Wednesday, Jun 10, 2026 - 03:59 PM (IST)
कैथल : कैथल शहर की जनकपुरी कॉलोनी से सरेआम गुंडागर्दी की एक सनसनीखेज वारदात की खबर सामने आई है। यहां थार गाड़ी में सवार होकर आए 10 से 12 युवकों ने एक युवक पर लाठी-डंडों और गंडासे से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात सीसीटीवी में कैद हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान 24 वर्षीय रमन के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रमन अपनी दुकान के बाहर बैठा हुआ था। इसी दौरान एक थार गाड़ी में सवार होकर आए 10 से 12 युवक हाथों में लाठी, डंडे और गंडासे लेकर आए और रमन की बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हमले में रमन के दोनों पैरों और सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। साथ ही हाथ की एक उंगली भी टूट गई। घायल अवस्था में उसे तुरंत सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इधर घटना की सूचना मिलने पर डायल-112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की बात कही।