सिरसा में धुंध के चलते स्कूल बस से टकराई पिकअप, ड्राइवर की मौत, मौके पर मची चीख-पुकार
punjabkesari.in Monday, Feb 02, 2026 - 02:49 PM (IST)
सिरसा : सिरसा के कालांवाली रोड पर सुबह के समय उस वक्त चीख-पुकार मच गई जब एक स्कूल बस और पिकअप वाहन की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में जहां पिकअप चला रहे चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं पिकअप में सवार एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरु कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार यह दर्दनाक हादसा सुबह के समय करीब 9 बजे हुआ जब बस बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी। इस समय बस में करीब 30 बच्चे सवार थे। इस टक्कर से राहत की बात यह रही कि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं। पिकअप ड्राइवर की पहचान फतेहाबाद के गांव हम्जापुर के राजकुमार के रूप में हुई है।
इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस उक्त मामले की जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण घनी धुंध बताया जा रहा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)