महंगाई का झटका: Haryana में वीटा दूध के दामों में बढ़ोतरी, जानें जेब पर कितना बढ़ेगा बोझ...
punjabkesari.in Tuesday, May 19, 2026 - 08:23 AM (IST)
चंडीगढ़/फरीदाबाद: अमूल और मदर डेयरी के बाद अब हरियाणा के दूध उपभोक्ताओं को भी बड़ा झटका लगा है। बल्लभगढ़ कोऑपरेटिव मिल्क प्रोड्यूसर्स यूनियन लिमिटेड (वीटा) ने अपने दूध के पाउच की कीमतों में संशोधन करते हुए दरों को बढ़ाने का फैसला किया है। बढ़ती उत्पादन लागत और ऑपरेशनल चार्ज का हवाला देते हुए कंपनी ने अलग-अलग वेरिएंट्स पर 1 से लेकर 24 तक की बढ़ोतरी की है।
कब से लागू होंगी नई दरें
वीटा प्रबंधन द्वारा जारी आदेश के अनुसार, दूध की ये संशोधित दरें 20 मई 2026 की सुबह की सप्लाई से पूरी तरह लागू हो जाएंगी। यानी 19 मई की रात को वितरकों के पास जो दूध पहुंचेगा, वह बढ़े हुए दामों के साथ मिलेगा। फिलहाल यह बदलाव बल्लभगढ़ प्लांट के क्षेत्राधिकार में आने वाले फरीदाबाद और आसपास के इलाकों में प्रभावी होगा।
वीटा दूध की नई प्राइस लिस्ट (New Rate List)
दामों में हुई बढ़ोतरी के बाद अब ग्राहकों को प्रति पैकेट निम्नलिखित कीमतें चुकानी होंगी
- 1. फुल क्रीम दूध (Full Cream Milk)
- 500 ML पैकेट: ₹35 से बढ़कर अब ₹36 (₹1 की वृद्धि)
- 1 लीटर पैकेट: ₹69 से बढ़कर अब ₹71 (₹2 की वृद्धि)
- 2. भैंस का दूध (Buffalo A2 Milk) - सबसे ज्यादा बढ़ोतरी
- 500 ML पैकेट: ₹37 से बढ़कर अब ₹39 (₹2 की वृद्धि)
- 1 लीटर पैकेट: ₹73 से बढ़कर अब ₹78 (₹5 की भारी वृद्धि)
- 3. कमर्शियल और फैमिली पैक (6 लीटर)
- फुल क्रीम (6 लीटर): 408 से बढ़कर अब ₹432 (₹24 की वृद्धि)
- टोंड मिल्क (6 लीटर): ₹336 से बढ़कर अब ₹360 (₹24 की वृद्धि)
क्यों बढ़े दूध के दाम?
वीटा के चीफ एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (CEO) सतीश कुमार द्वारा जारी किए गए आदेश के मुताबिक, डेयरी उद्योग में लगातार बढ़ती प्रोडक्शन कॉस्ट, पैकेजिंग मटेरियल की महंगी दरें और बाजार में अन्य प्रतिस्पर्धी ब्रांड्स द्वारा हाल ही में की गई मूल्य वृद्धि के चलते वीटा को भी यह कदम उठाना पड़ा है। इस आदेश की कॉपियां सभी डिस्ट्रीब्यूटर्स, रिटेलर्स, बूथ होल्डर्स और सरकारी-निजी संस्थानों को भेज दी गई हैं।