Independence Day 2024: हरियाणा के इतिहास में पहली बार होगा ऐसा, गृह जिले में ध्वजारोहण करेंगे मंत्री- विधायक
punjabkesari.in Wednesday, Aug 14, 2024 - 03:35 PM (IST)
चंडीगढ़: हरियाणा के इतिहास में इस बार 15 अगस्त पर पहली बार सत्तारूढ़ दल का कोई विधायक जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेगा। गुरुग्राम जिले की पटौदी विधानसभा सीट से विधायक सत्यप्रकाश जरावता को प्रदेश सरकार ने यह अवसर प्रदान किया है। जरावता भाजपा एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भी हैं। करीब दो साल पहले साल 2022 में हालांकि सत्तारूढ़ भाजपा और उसकी तत्कालीन सहयोगी पार्टी जजपा के विधायकों को उपमंडल (सब-डिविजन) स्तर पर ध्वजारोहण करने का मौका दिया गया था।
इस बार 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान प्रदेश सरकार के दो मंत्री, विधानसभा अध्यक्ष और एक सांसद अपने-अपने गृह जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे। हालांकि ऐसे मौके भी बहुत कम मिलते आए हैं। 15 अगस्त को देश अपनी आजादी के 77 वर्ष पूर्ण कर रहा है। इस लिहाज से यह भारत का 78वां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम है, लेकिन हरियाणा सरकार द्वारा सात अगस्त को जारी शासकीय सर्कुलर के अनुसार इसे 77वां स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम बताया गया है।
पंजाब एवं हरियाणा हाई कोर्ट के एडवोकेट हेमंत कुमार के अनुसार नौ अगस्त को जारी हर घर तिरंगा अभियान को लेकर जारी एक अन्य पत्र में भी 77वें स्वतंत्रता दिवस समारोह का उल्लेख है, जो कि उचित नहीं है।
प्रदेश में आमतौर पर ऐसी परंपरा चली आ रही है कि मुख्यमंत्री और मंत्री अपने-अपने गृह जिला मुख्यालय की बजाय राज्य के दूसरे जिला मुख्यालयों पर 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर ध्वजारोहण एवं 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। परेड की सलामी लेते हैं। इस बार पहली बार प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और हिसार के विधायक डॉ. कमल गुप्ता अपने गृहक्षेत्र हिसार जिला मुख्यालय पर ध्वजारोहण करेंगे।
सबसे ज्यादा पढ़े गए
Related News
Rain Alert: हरियाणा में 2 दिन बारिश का अलर्ट, गरज-चमक के साथ चलेंगी तेज हवाएं...ये गलती न करें किसान