इनेलो सुप्रीमो का हुड्डा पर बड़ा हमला, बोले- हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने में हुड्डा का हाथ
punjabkesari.in Sunday, Dec 28, 2025 - 07:29 PM (IST)
रोहतक(दीपक): इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला ने एक बार फिर हरियाणा की राजनीति में बड़ा बयान देते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर गंभीर आरोप लगाए हैं। अभय चौटाला ने लोंगो को सम्बोधित करते हुए कहा कि हरियाणा में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनने में कांग्रेस और भूपेंद्र सिंह हुड्डा का भी हाथ है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अंदरखाने भाजपा को फायदा पहुंचाया, जिसका खामियाजा प्रदेश की जनता को भुगतना पड़ रहा है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों ही दल जनता को गुमराह करने का काम कर रहे हैं। एक ओर कांग्रेस सत्ता में आने का दावा करती है, वहीं दूसरी ओर उनके नेता ऐसे कदम उठाते हैं, जिससे भाजपा को सीधा फायदा मिलता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता अब इन राजनीतिक चालों को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब देगी।
इस दौरान अभय चौटाला ने जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जेजेपी नेताओं ने प्रदेश की जनता के साथ धोखा किया है। चुनाव के समय चौधरी देवीलाल के नाम पर जनता से विश्वास मांगा गया, लेकिन सत्ता में पहुंचते ही भाजपा के साथ मिलकर पांच साल तक “मलाई खाने” का काम किया गया। उन्होंने कहा कि जिन उम्मीदों के साथ जनता ने जेजेपी को समर्थन दिया था, उन सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया गया।
प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी इनेलो सुप्रीमो ने सरकार पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में अपराध चरम पर है और लुटेरों व भूमाफियाओं का राज चल रहा है। आम आदमी खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है, लेकिन सरकार अपराध पर लगाम लगाने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
अभय सिंह चौटाला ने कहा कि यदि इनेलो पार्टी सत्ता में आती है तो सबसे पहले प्रदेश की कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि इनेलो की सरकार बनते ही बदमाशों को प्रदेश से बाहर करने का काम किया जाएगा। इसके साथ ही भ्रष्टाचार को जड़ से खत्म करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि इनेलो का लक्ष्य प्रदेश में ईमानदार और पारदर्शी शासन देना है, ताकि आम जनता को राहत मिल सके। अंत में अभय चौटाला ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे कांग्रेस, भाजपा और जेजेपी जैसे दलों की कथनी और करनी को पहचानें और एक मजबूत विकल्प के रूप में इनेलो को समर्थन दें।