CM सैनी ने की बड़ी घोषणा, इस बार इंग्लैंड के सहयोग से मनाया जाएगा International Gita Jayanti Mahotsav

punjabkesari.in Sunday, Jun 15, 2025 - 07:14 PM (IST)

चंडीगढ़:  मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी ने कहा कि इस बार अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव इंग्लैंड के सहयोग से मनाया जाएगा। हर साल विभिन्न देशों में अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं। हर बार अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती महोत्सव में अलग-अलग देश को शामिल किया जाता है। खास बात यह है कि कुरुक्षेत्र के ब्रह्मसरोवर पर अंतर्राष्ट्रीय गीता जयंती कार्यक्रम में लाखों लोग पहुंचते हैं।

मुख्यमंत्री  नायब सिंह सैनी रविवार को हरियाणा खेल विभाग, आयुष विभाग, हरियाणा योग आयोग के तत्वावधान में ब्रह्मसरोवर पर आयोजित राज्य स्तरीय योग मैराथन के सफल आयोजन के बाद मीडिया से बातचीत कर रहे थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग पहले कांग्रेस से तंग आ चुके थे और अब आम आदमी पार्टी से तंग आ चुके हैं। इन दोनों सरकारों से तंग आकर पंजाब के लोगों ने अब कमल खिलाने का मन बना लिया है, क्योंकि दोनों पार्टियों ने पंजाब के लोगों को सिर्फ गुलाबी तस्वीर दिखाई है। दोनों पार्टियों ने लोगों के बारे में न सोचकर सिर्फ अपने विकास के बारे में सोचा है। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस राज की कानूनी व्यवस्था से प्रदेश के लोग भलीभांति परिचित हैं। अब प्रदेश में कानून व्यवस्था लगातार मजबूत हो रही है।
 

अहमदाबाद में हुए विमान हादसे पर दुख जताते हुए मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने प्रार्थना की कि ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान प्रदान करें। उन्होंने कहा कि जब कोई घटना घटित होती है तो वह मानवीय वश की बात नहीं होती। इस हादसे में हमारे जिले की एक बेटी की भी मौत हुई है, जो बहुत ही दुखद घटना है। ऐसे समय में सरकार पीड़ित परिवारों के साथ हर तरह की मदद के लिए खड़ी है। इस अवसर पर पूर्व राज्य मंत्री सुभाष सुधा, चेयरमैन धर्मवीर मिर्जापुर, हरियाणा योग आयोग के चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य, जिला परिषद चेयरमैन कंवलजीत कौर सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static