दिल्ली जल विवाद पर सिंचाई मंत्री अभय यादव का खुलासा ! हिमाचल से नहीं आया कोई पानी, ‘दिल्ली को दे रहे हक से ज्यादा’

punjabkesari.in Wednesday, Jun 12, 2024 - 04:12 PM (IST)

चंडीगढ़ (चंद्र शेखर धरणी): भीषण गर्मी के बीच हरियाणा और दिल्ली के बीच शुरू हुआ जल विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां दिल्ली की ओर से हरियाणा पर कम पानी देने का आरोप लगाया जा रहा है। वहीं, हरियाणा की ओर से शुरू से ही दिल्ली के आरोप को नकारा जाता रहा है। अब एक बार फिर से हरियाणा के सिंचाई मंत्री अभय यादव ने दिल्ली के आरोपों को नकारते हुए कहा कि दिल्ली को उसके हक से ज्यादा पानी दिया जा रहा है। 

यादव ने कहा कि देश की राजधानी में पानी की किल्लत ना हो इसे लेकर हम शुरू से ही जागरूक है। दिल्ली अपने वहां पर पानी का इस्तेमाल और प्रबंधन कैसे करता है, ये उनकी जिम्मेदारी है। हरियाणा की ओर से पूरा पानी देने के बावजूद भी यदि वहां पानी की कमी रहती है तो दिल्ली सरकार को अपने सिस्टम को देखकर वहां की कमी को समझना चाहिए। 

हिमाचल से नहीं आया पानी

हरियाणा के सिंचाई मंत्री अभय यादव ने कहा कि अभी तक हिमाचल की ओर से कोई अतिरिक्त पानी नहीं छोड़ा गया है। यदि हिमाचल की ओर से पानी आता है तो वह तुरंत उसके दिल्ली की ओर भेज देंगे। हरियाणा भी कई प्रकार से पानी की समस्या से जूझ रहा है। सुप्रीम कोर्ट  2002 में सतलुज यमुना नहर बनाकर हरियाणा को पानी देने का आदेश दे चुका है। सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बावजूद आज तक इस पर कोई अमल नहीं हुआ। दिल्ली सरकार आज तक सुप्रीम कोर्ट को संतुष्ट नहीं कर पाई की हरियाणा सरकार पानी नहीं दे रही है, जिस प्रकार से पानी को लेकर बार-बार कोर्ट में जाया जा रहा है। वह केवल राजनीति के अलावा कुछ नहीं है। 

व्यवस्था में लाए सुधार

अभय यादव ने कहा कि दिल्ली को पानी के आंतरिक वितरण और आंतरिक व्यवस्था में सुधार लाना चाहिए। कई बार राजनीतिक फ़ायदे के लिए फ्री की अनेक योजनाएं चला देते है। बिजली और पानी के ढांटे पर यदि सही से मेंटेन नहीं कर पाए तो यह ढांडा फेल हो जाता है। 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Nitish Jamwal

static