'पेट में लड़का है', लिंग जांच के खेल में 95 हजार की डील, डिकॉय पेशेंट भेजकर पकड़ी पंजाब की महिला

punjabkesari.in Thursday, Sep 03, 2026 - 03:50 PM (IST)

उचाना(हरकेश): उचाना हलके के गांव सफाखेड़ी  में लिंग जांच किए जाने की सूचना पर स्वास्थ्य विभाग कैथल की टीम ने कार्रवाई करते हुए एक महिला को मौके से पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान रमेश नामक व्यक्ति मौके से फरार हो गया। 

टीम ने मौके से दवाएं भी बरामद की हैं। एनडीटीटी नोडल अधिकारी डॉ. रविंद्र ने बताया कि सिविल सर्जन कार्यालय कैथल से सूचना मिली थी कि सफाखेड़ी गांव में लिंग जांच की जा रही है। सूचना के आधार पर ड्रग कंट्रोल विभाग के अधिकारियों के साथ टीम गठित कर कार्रवाई की गई। कैथल स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इस मामले में एक गर्भवती महिला को डिकॉय के तौर पर तैयार किया था।

डॉ. रविंद्र के अनुसार, डिकॉय के बयान के मुताबिक अल्ट्रासाउंड के दौरान उसके पेट पर मशीन लगाकर गर्भ की जांच की गई और गर्भ में लड़का होने की जानकारी दी गई। डिकॉय के अनुसार लिंग जांच के लिए 95 हजार रुपये की मांग की गई थी। इसमें से 35 हजार रुपये पहले ही लिए जा चुके थे, जबकि जांच के बाद 60 हजार रुपये और देने थे। कैथल की टीम जब मौके पर पहुंची तो रमेश नामक व्यक्ति वहां से फरार हो चुका था।  मौके पर वह महिला मिली, जो डिकॉय के अनुसार अल्ट्रासाउंड प्रक्रिया कर रही थी। महिला पंजाब की रहने वाली बताई गई है।

 उसके द्वारा एमपीएचडब्ल्यूडी का कोर्स किए जाने तथा निजी स्तर पर काम करने की जानकारी भी सामने आई है। नोडल अधिकारी ने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि इस स्थान पर पहले कितने मामलों में महिलाओं की लिंग जांच की गई है। पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी और जांच के बाद अन्य तथ्य सामने आएंगे। मौके से दवाएं भी मिली हैं, जिन्हें जांच के लिए कब्जे में लिया गया है।

उन्होंने कहा कि गर्भ में बच्चे के लिंग की जांच करना कानूनन गलत है और कन्या भ्रूण हत्या पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। सरकार की ओर से ऐसे मामलों की सूचना देने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए एक लाख रुपये तक का इनाम भी दिया जाता है, ताकि लिंग जांच करने वाले रैकेट का पर्दाफाश किया जा सके।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Isha

Related News

static