बेरिकेड तोड़े, MCG कर्मचारी को जेसीबी से कुचलने का प्रयास
punjabkesari.in Tuesday, Oct 06, 2026 - 09:12 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): डीएलएफ फेज-3 थाना क्षेत्र में एमसीजी की खाली जमीन पर लगी अस्थायी लोहे की बैरिकेडिंग तोड़ने और जेसीबी से कर्मचारी को कुचलने की कोशिश करने का मामला सामने आया है। एमसीजी के गनमैन एक्सपर्ट हरजिंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने एक व्यक्ति समेत अन्य के खिलाफ केस दर्ज किया है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
शिकायत के अनुसार, हरजिंदर सिंह एसएसएफ टीम के साथ अवैध डंपिंग रोकने की ड्यूटी पर तैनात हैं। एक अक्टूबर को उन्हें गार्ड कमल ने बताया कि जेसीबी चालक बैरिकेडिंग तोड़कर पहाड़ी की तरफ गया है। टीम ने वहां पहुंचकर जेसीबी को रोक लिया। चालक ने अपना नाम सलीम बताया। आरोप है कि थार में आए हर्ष गुज्जर नामक व्यक्ति ने बैरिकेडिंग तोड़ने की बात स्वीकार करते हुए जेसीबी चालक से हरजिंदर के ऊपर जेसीबी चढ़ाने को कहा। चालक के इनकार करने पर हर्ष ने खुद जेसीबी चलाकर हरजिंदर को कुचलने का प्रयास किया। हरजिंदर के हट जाने से वह बाल-बाल बच गए। इसके बाद आरोपी जेसीबी और थार लेकर फरार हो गया। शिकायतकर्ता ने घटना की वीडियो रिकॉर्डिंग होने की बात भी पुलिस को बताई है। जांच के बाद पुलिस ने बीएनएस की धाराओं 221, 351(3), 3(5) और पीडीपीपी एक्ट की धारा 3 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।