ज्वेलर्स लूटकांड से दहशत में परिवार, 9 दिन बाद भी आरोपी फरार; SP से मिलेगी फैमिली
punjabkesari.in Thursday, Apr 30, 2026 - 08:16 PM (IST)
कुरुक्षेत्र (कपिल शर्मा): जिले के लाडवा में ज्वेलर्स से गन पॉइंट पर हुई लूटपाट के मामले में 9 दिन बीतने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है और सुरक्षा की मांग कर रहा है। पीड़ित पक्ष ने सोशल मीडिया पर धमकी भरे मैसेज मिलने का भी दावा किया है।
ज्वेलर्स सुकल्प सिंगल ने बताया कि वह अभी बेड रेस्ट पर हैं। वारदात के दौरान बदमाश ने उनके साथ मारपीट की, जिससे उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी सौंप दी गई है, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हो पाई है। उन्होंने बताया कि वह जल्द ही अपने परिवार के साथ पुलिस अधीक्षक (एसपी) से मुलाकात करेंगे।
रेकी कर दिया वारदात को अंजाम
पीड़ित के अनुसार बदमाशों ने पहले से रेकी कर इस घटना को अंजाम दिया। वह जैसे ही दुकान के पीछे पानी पीने के लिए गए, एक नकाबपोश बदमाश दुकान में घुस आया और आते ही उनके माथे पर पिस्तौल तान दी। इसके बाद उसने मारपीट शुरू कर दी।
दुकान बंद करने की थी तैयारी
घटना 21 अप्रैल की रात करीब 8:50 बजे की है, जब सुकल्प सिंगल अपनी दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान काले रंग की शर्ट और नेवी ब्लू जींस पहने बदमाश दुकान में घुसा और धक्का देकर अंदर के कमरे में ले गया।
अंगूठियां और नकदी लूटकर फरार
आरोपी ने गन प्वाइंट पर उनसे सोने और डायमंड की दो अंगूठियां उतरवा लीं और जेब से पर्स निकालकर करीब दो हजार रुपये भी लूट लिए। पीड़ित ने बताया कि डायमंड की एक अंगूठी काफी महंगी थी, जो उन्हें सगाई में मिली थी।
बाइक पर बाहर खड़ा था साथी
वारदात के दौरान दूसरा बदमाश दुकान के बाहर गली में बाइक पर खड़ा था, जिसने भी अपना चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। लूटपाट के बाद दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर मेन बाजार की तरफ फरार हो गए। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और बाइक नंबर व आरोपियों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)