जींद पुलिस का ''स्पेशल ट्रीटमेंट'': रंगदारी मांगने वाले बदमाशों का शहर में निकाला जुलूस, अब कह रहे ''तौबा-तौबा''!

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 04:59 PM (IST)

नरवाना (गुलशन) : जींद जिले के नरवाना में दुकानदार से हर महीने 1 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले बदमाशों पर नरवाना पुलिस ने ऐसा शिकंजा कसा कि कुछ ही घंटों में पूरा गैंग सलाखों के पीछे पहुंच गया। थाना शहर नरवाना पुलिस और CIA स्टाफ की ताबड़तोड़ कार्रवाई में पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। जिसके बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली है।

मिली जानकारी के अनुसार गिरफ्तार पांचों आरोपियों की पहचान अमरजीत उर्फ बच्ची, प्रवेश, मयंक, राहुल और सचिन निवासी गांव काब्रच्छा जिला जींद के रूप में हुई है। आरोपियों ने व्यापारी नरेश जैन की दुकान पर पहुंचकर खुद को गैंग से जुड़ा बताते हुए हर महीने 1 लाख रुपये “सुरक्षा राशि” देने की धमकी दी थी। बदमाशों ने कहा था कि पैसे नहीं दिए तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे।

बाद में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बदमाशों का जनता में बना डर खत्म करने के लिए उनका सिर मुंडवाकर बाजार में पैदल घुमाया। इस दौरान बदमाश व्यापारी नरेश जैन के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए और दोबारा ऐसी हरकत न करने की कसम खाई। बाजार में यह दृश्य देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जुट गई।

थाना शहर नरवाना प्रभारी निरीक्षक पूर्णदास ने बताया कि आरोपी राहुल, सचिन, मयंक और प्रवेश को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी अमरजीत उर्फ बच्ची का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ जारी है। 

 (पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)           


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Krishan Rana

Related News

static