जजपा ने नियुक्त किए पांच राष्ट्रीय महासचिव, दो पूर्व मंत्री व विधायक शामिल

punjabkesari.in Wednesday, Jan 02, 2019 - 06:26 PM (IST)

चंडीगढ़(धरणी): जननायक जनता पार्टी ने अपनी राष्ट्रीय कार्यकारिणी में विस्तार करते हुए दो पूर्व मंत्रियों व दो पूर्व विधायकों सहित पांच राष्ट्रीय महासचिव नियुक्त किए हैं। पार्टी संस्थापक डा. अजय सिंह चौटाला के विचार विमर्श करने के बाद पार्टी की कोर कमेटी ने राष्ट्रीय महासचिव पद के नामों की सूची जारी की है।

वरिष्ठ नेता बृज शर्मा को पार्टी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया है। करनाल वासी बृज शर्मा छात्र जीवन से राजनीति से जुड़े रहे हैं। इनेलो के करनाल जिले में 1994 से 11 वर्षों तक लगातार जिला प्रधान पद पर कार्य कर चुके बृज शर्मा 2003 से इनेलो के राष्ट्रीय महासचिव रहे। उन्होंने 18 वर्षों तक लगातार करनाल जिले की गौड़ ब्राह्मण सभा के प्रधान पद का भी निर्वहन किया।

PunjabKesari

होडल विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले पूर्व मंत्री जगदीश नैयर व पूर्व विधायक रणसिंह बैनिवाल को भी जेजेपी का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया है। पूर्व मंत्री जगदीश नैयर ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत गांव की राजनीति से की और वे 1995 में गांव के सरपंच बने। जगदीश नैयर वर्ष 1996 में हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से पहली बार विधायक चुने गए और उन्होंने 1998 में हरियाणा में बतौर कैबिनेट मंत्री, आबकारी एवं कराधान तथा डेयरी विकास मंत्रालय का कार्यभार संभाला। इसके बाद 2009 में वे होडल से इनेलो की टिकट पर विधायक बने।

PunjabKesari

वरिष्ठ नेता रणसिंह बैनिवाल भट्टू हलके से विधायक रह चुके हैं। उन्होंने भी अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत पंचायती राज में गांव का सरपंच बन कर की। ब्लॉक समिति, सहकारी समीति के चेयरमैन रहे रणसिंह बैनिवाल 30 वर्षों तक कांग्रेस से जुड़े रहे और उन्होंने कांग्रेस संगठन में विभिन्न पदों पर काम किया।

PunjabKesari

वयोवृद्ध नेता भानाराम सैनी व पूर्व मंत्री वेद सिंह मलिक भी जेजेपी के राष्ट्रीय महासचिव के पद पर नियुक्त किए गए हैं। नारनौल विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखने वाले सैनी पहले कांग्रेस सेवा दल के जिला प्रधान रहे। उन्होंने 2009 में इनेलो की टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ा और वे मात्र 1400 वोटों के अंतर से यह चुनाव हारे थे। वे इनेलो की प्रदेश कार्यकारिणी के सदस्य भी रहे।

PunjabKesari

कैलाना हलके से पूर्व विधायक रहे वेद सिंह मलिक ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरूआत भी पंचायती चुनाव से की। 1987 में विधायक बनने के बाद उन्होंने प्लानिंग बोर्ड के डिप्टी चेयरमैन के पद पर व बाद में चौ. देवीलाल की सरकार में बतौर परिवहन मंत्री जननायक के साथ काम किया। जेजेपी में आने से पूर्व वे इनेलो की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य थे।

PunjabKesari


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Shivam

Recommended News

Related News

static