फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल कानूनगो सहित दो गिरफ्तार
punjabkesari.in Saturday, Mar 14, 2026 - 10:22 PM (IST)
गुड़गांव, (ब्यूरो): फर्जी दस्तावेज तैयार कर कम्पनी के साथ ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक सरकारी कानूनगो सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया है। इस केस में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
गुरुग्राम की ताजा खबरों के लिए लिंक https://www.facebook.com/KesariGurugram पर क्लिक करें।
दरअसल, 11 जुलाई 2024 को यशदीप बिल्डर्स के प्रतिनिधि ने शिकायत दी थी कि उनकी कम्पनी ने वर्ष 2018 में सोहना क्षेत्र में स्थित जमीन के विकास के लिए भूमि मालिकों के साथ सहयोग समझौता किया था। वहीं परियोजना के विकास के लिए कम्पनी द्वारा करोड़ों रुपये की राशि दी गई थी। बाद में जमीन के मालिक, कुछ नए व्यक्तियों व अन्य रियल स्टेट कंपनियों ने आपस में मिलीभगत कर जमीन से संबंधित फर्जी दस्तावेज तैयार कर लिए। वहीं फर्जी इकरारनामा बनाकर पहले से किए गए समझौतों की शर्तों में बदलाव कर दिए। शिकायत के अनुसार जमीन के रास्ते को लेकर भी झूठा विवाद खड़ा किया गया। वहीं विभिन्न व्यक्तियों व कंपनियों/ अन्य जमीन खरीदने वाली कम्पनियों के माध्यम से गलत दस्तावेज तैयार कराए गए। जिससे कम्पनी के प्रोजेक्ट को प्रभावित किया गया तथा कम्पनी के साथ धोखाधडी करके ठगी की गई। मामले में सोहना शहर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। वहीं आर्थिक अपराध शाखा-1, गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा केस में जांच की गई। जिसके बाद वहीं आर्थिक अपराध शाखा-1 की टीम ने इस केस में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जिनकी पहचान सतबीर राठी (58) निवासी गांव राठीवास जिला गुरुग्राम, विशन कुमार (46) निवासी गांव झुंडू सराय जिला गुरुग्राम के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी सतबीर वर्ष 1997 में पटवारी के पद पर भर्ती हुए थे। वर्ष 2020 से 2023 तक सोहना तहसील में कानूनगो के पद पर रहते हुए इस केस में अन्य आरोपियों के कहने पर आरोपी राजेंद्र(पटवारी) व आरोपी विशन कुमार (कॉन्ट्रैक्चुअल लैंड रिकॉर्ड डाटा एंट्री ऑपरेटर) के साथ मिलकर इस जमीन के फर्जी दस्तावेज/इंतकाल बनाए थे। जिसके बदले में आरोपी सतबीर व विशन कुमार को आरोपियों से 40 हजार रूपये मिले थे।