जजपा सदस्यता अभियान का साढ़े 4 लाख का टारगेट हुआ पार, 7 लाख नए सदस्य पार्टी से जुड़े: निशान सिंह

punjabkesari.in Thursday, May 19, 2022 - 07:13 PM (IST)

चंडीगढ़ (धरणी) : पूर्व मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला द्वारा लगातार जनता के बीच जाने के कार्यक्रमों पर टिप्पणी करते हुए जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष सरदार निशान सिंह ने कहा कि वह बुजुर्ग हो चुके है। इनके कार्यक्रमों की कोई आउटपुट नजर नहीं आ रही। जबकि हमने बिल्कुल नया घर बसाया था और जनता ने हमें साढे 17 फ़ीसदी वोट देकर अपनाया। जबकि इनेलो को मात्र डेढ़ फ़ीसदी ही वोट मिले। इससे यह तो साफ है कि जनता का समर्थन उन्हें नहीं है।

उन्होंने कहा कि जननायक जनता पार्टी के सर्वे-सर्वा डॉ अजय सिंह और उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला लगातार पूरे हरियाणा में कार्यक्रम कर रहे हैं। जनता के बीच में जाकर समस्याओं को जान रहे हैं। पार्टी के सदस्यता अभियान का टारगेट 450000 को पार करते हुए 700000 नए सदस्य पार्टी के साथ जुड़े हैं। हमने नीचे से लेकर राष्ट्रीय लेवल तक का संगठन बना लिया है।हम लगातार मजबूत जनाधार की ओर बढ़ रहे हैं।

निशांत सिंह ने कहा कि पिछले डेढ़ साल तक लगातार प्रदेश कोविड महामारी और किसान आंदोलन के कारण प्रभावित रहने के बावजूद प्रदेश सरकार की उन्नति शील सोच के कारण रिजल्ट निराशाजनक नहीं रहा। चुनौतियों के बीच हरियाणा सरकार- मुख्यमंत्री-उपमुख्यमंत्री लगातार अपने किए वायदों को पूरा करने के लक्ष्य की ओर बढ़ते रहे और आज भी पूरी निष्पक्षता- अडिगता और सेवाभाव के साथ गठबंधन के तमाम नेता प्रदेश की जनता के बीच में हैं और प्रदेश किस प्रकार से आगे बढ़े इस पर कार्य कर रहे हैं।

जननायक जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष निशान सिंह ने छोटी सरकार नगर निकाय और पंचायती चुनावों पर कहा कि नगर पालिका और नगर परिषदों के ही नहीं वार्ड तक के प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। पार्टी लगातार चुनावों को लेकर मंथन कर रही है। चुनावों की तैयारी में एक-एक कार्यकर्ता लगा हुआ है। चुनाव आयोग द्वारा तिथि निश्चित होते ही जजपा अपने गठबंधन दल भाजपा के साथ पार्टी बैठक करेगी और चुनाव को बड़ी मजबूती से लड़ेगी।

उन्होंने कहा कि इसमें कोई दो राय नहीं है कि निकाय और पंचायती चुनाव छोटी सरकार होती है। क्योंकि शहरी विकास में निकाय का तथा ग्रामीण विकास में पंचायतों- पंचायत समितियों और जिला परिषदों का अहम रोल होता है। पंचायत चुनाव भाईचारे का चुनाव है। इसलिए जननायक जनता पार्टी पंचायत समितियों और जिला परिषदों में अपने उम्मीदवारों को उतारेगी। यह कार्य दोनों दलों की बैठक के बाद तय होगा कि चुनाव सिंबल पर लड़ना है या वैसे। उन्होंने कहा कि राजनीति में गर्मी- सर्दी महत्व नहीं रखती। इसी के तहत हमारे गठबंधन दल लगातार लोगों के बीच में रहकर लोगों की राय को जानते हैं और लोगों की समस्याओं को दूर करने का प्रयास करते हैं।

निशांत सिंह ने कांग्रेस पर टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का परिवार कभी इकट्ठा नहीं हो सकता। एक अध्यक्ष और चार कार्यकारी अध्यक्ष बनाने के बावजूद संगठन में भारी फूट है। कांग्रेस के अंदर ही कई दल मौजूद हैं। बेशक हुड्डा के साथी को प्रदेश अध्यक्ष बना दिया गया हो, लेकिन विचारधारा कांग्रेस की आज भी वही है। कुलदीप बिश्नोई खुलेआम केंद्रीय नेतृत्व से नाराज हैं तो बाकि नेता अंदर से नाराज हैं। उन्होंने पड़ोसी राज्य पंजाब की आम आदमी पार्टी कि सरकार बारे कहा कि इनके सत्ता में आने के बाद से ही लगातार क्राईम रेट में बढ़ोतरी हुई है। पंजाब में कई तरह के विरोध प्रदर्शन -आंदोलन हो रहे हैं। पंजाब बॉर्डर पर देश विरोधी गतिविधियां दर्ज हुई हैं। इसलिए उन्हें विकासशील प्रदेश पंजाब विकास को और गति देनी चाहिए। लगातार बड़े बड़े आंदोलनों में पंजाब का बड़ा योगदान रहा है। लेकिन आज पंजाब का किसान सरकार की कार्यप्रणाली को संतोषजनक नहीं मानता। पंजाब सरकार को किसान के दिक्कतों को नजरअंदाज ना करते हुए गंभीरता से लेना चाहिए।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Recommended News

Related News

static