राजस्थान में JJP का मजबूत हो रहा ''आधार''! नए लोगों का मिल रहा ''साथ''

punjabkesari.in Sunday, Oct 22, 2023 - 09:34 AM (IST)

चंडीगढ़ : हरियाणा के पड़ोसी राज्य राजस्थान में चुनावी बिसात बिछ चुकी है और हर राजनीतिक दल पूरे दमखम के साथ इस चुनाव में जुटा हुआ है। इसी कड़ी में हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की पार्टी जजपा ने भी राजस्थान के चुनाव में अपनी सक्रियता बढ़ाई हुई है। जजपा ने चुनावी प्रचार अभियान भी तेज किया हुआ है और इसी का ही असर है कि राजस्थान में जजपा का निरंतर आधार मजबूत होता दिखाई दे रहा है। 

इसी की बानगी है कि जहां बीते सितम्बर माह में राजस्थान की पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह, डा. मोहन सिंह नदवई, पूर्व विधायक मनीराम सियाग, कांग्रेस विधायक की पत्नी रीटा सिंह सहित सैकड़ों लोग जजपा में शामिल हुए तो वहीं शनिवार को इसी प्रदेश से संबंधित भारत नवनिर्माण पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष दीनदयाल जाखड़, राष्ट्रीय सलाहकार राजेश शर्मा, राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राज ने पूरे संगठन के साथ अपनी पार्टी का विलय जजपा में करने की घोषणा की। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने इन सभी को पार्टी का पटका पहनाया और उन्हें विश्वास दिलाया कि पार्टी में उन्हें पूरा मान सम्मान मिलेगा। यही नहीं लाडनू से पूर्व विधायक स्व. रामधन चौधरी के पुत्र रामनारायण सहारण अपने समर्थकों सहित दुष्यंत चौटाला की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हुए। 

PunjabKesari

उल्लेखनीय है कि रामनारायण की मां भी सरपंच के अलावा जिला परिषद की उपाध्यक्ष रह चुकी हैं। इसी प्रकार नागौर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान स्वामी हरिराम कड़वासरा भी अपने साथियों सहित जजपा में शामिल हुए। दुष्यंत चौटाला ने इन सभी का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि जजपा में जहां उन्हें मान सम्मान दिया जाएगा वहीं अब इसमें भी कोई दोराय नहीं है कि राजस्थान में जजपा का जनाधार पहले से कहीं अधिक मजबूत हुआ है। आने वाली सरकार में जजपा की भागीदारी तय है और जजपा का मुख्य मकसद राजस्थान में विकास के नए द्वार खोलना है।

PunjabKesari

दुष्यंत और उनके भाई दिग्विजय सिंह ने संभाली हुई है कमान


गौरतलब है कि राजस्थान में चुनाव घोषणा से काफी पहले ही जजपा ने अपना फोकस राजस्थान पर किया हुआ था। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, उनके भाई एवं जजपा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला ने राजस्थान में चुनावी प्रचार अभियान की कमान संभाली हुई है और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला भी पूरी सक्रियता के साथ राजस्थान के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाओं को संबोधित करने में जुटे हुए हैं। जजपा की ओर से 25 सितम्बर को सीकर में एक बड़ी रैली भी रखी गई थी और इस रैली के जरिए जजपा ने राजस्थान में अपना एक तरह से शक्ति प्रदर्शन भी किया था। इसके अलावा दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय सिंह चौटाला द्वारा लगातार जनसंपर्क अभियान जारी है। 

इसी कड़ी में जब सितम्बर माह में दुष्यंत चौटाला द्वारा राजस्थान में विभिन्न जगहों पर कार्यक्रम किए गए थे तो उस दौरान पूर्व विधायक प्रतिभा सिंह सहित अनेक लोग जजपा में शामिल हुए थे। इसी प्रकार पूर्व विधायक डा. मोहन सिंह नदवई भी अपने सैकड़ों समर्थकों के जजपा में शामिल हुए। जजपा में शामिल होने वाले लोगों का सिलसिला अनवरत रूप से जारी है। राजनीतिक पर्यवेक्षकों का मानना है कि जजपा द्वारा राजस्थान के चुनाव में जारी जनसंपर्क अभियान एक नई दिशा पकड़ता हुआ दिखाई दे रहा है। इन पर्यवेक्षकों के अनुसार लोग जजपा नेताओं खासकर दुष्यंत चौटाला से इस कदर प्रभावित हो रहे हैं कि अन्य पार्टियों के बड़े नेता जजपा का झंडा थाम रहे हैं जिससे राजस्थान में जजपा कम समय में ही अपनी एक मजबूत पहचान बनाते हुए दिखाई दे रही है। पर्यवेक्षकों के अनुसार बेशक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला, हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला निरंतर इस चुनाव में सक्रियता के साथ प्रचार में जुटे हुए हैं मगर इसमें कोई दोराय नहीं है कि इस चुनाव में जजपा के राष्ट्रीय प्रधान महासचिव दिग्विजय सिंह चौटाला बड़ी संजीदगी के साथ चुनाव प्रबंधन की पूरी कमान संभाले हुए हैं। 

PunjabKesari


धनखड़ ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष को लिखा पत्र

विशेष बात ये है कि रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (अठावले) के राजस्थान प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी सत्यवीर सिंह धनखड़ ने अपने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले को पत्र लिखकर जननायक जनता पार्टी में शामिल होने और चुनाव लडऩे की अनुमति मांगी है। सत्यवीर सिंह ने पत्र में लिखा कि जजपा की राजस्थान में लोकप्रियता दिनों दिन बढ़ रही है और कई सीटों पर जजपा मुकाबले में आ रही है। उन्होंने लिखा कि हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला की राजस्थान में काफी चर्चा है। इसके अलावा भी कई स्थानीय नेताओं ने जजपा में शामिल होने और विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों से टिकट की दावेदारी के लिए जजपा नेताओं से संपर्क किया है।


सरकार में भागीदार होगी जननायक जनता पार्टी: दुष्यंत चौटाला


हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का कहना है कि जजपा का जनाधार राजस्थान में पहले से कहीं अधिक मजबूत हो रहा है। लोग जजपा की नीतियों से काफी प्रभावित हैं और अब इन लोगों को पार्टी में आशा की किरण दिखाई दे रही है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार राजस्थान के कई दिग्गज एवं नामी नेता जजपा में शामिल हो रहे हैं, उससे ये साफ है कि अगली सरकार में जजपा की भागीदारी तय है। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि राजस्थान को जजपा ने नया विकल्प दिया है और प्रदेश के लोगों को राजस्थान के विकास के लिए पार्टी से आस जगी है और हम उनके विजन को ज्यादा-ज्यादा लोगों तक लेकर जाएंगे। चौटाला ने कहा है कि राजस्थान की कांग्रेस सरकार से हर वर्ग परेशान है, क्योंकि कांग्रेस राज में प्रदेश में माइनिंग माफिया हावी है, महिलाओं के खिलाफ अत्याचार के मामले भी बढ़े हैं और राजस्थान पेपर लीक में भी पूरे देश में नंबर-1 राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि सबको पता है कि लाल डायरी में गहलोत सरकार के काले कारनामे छिपे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Manisha rana

Related News

static