इंसाफ नहीं मिला तो मां ने बेटी संग उठाया खौफनाक कदम, 4 माह पहले गली में मिला था बेटे का शव
punjabkesari.in Saturday, Oct 04, 2025 - 09:50 PM (IST)

करनाल : करनाल में बेटे की हत्या के 4 महीने बाद भी न्याय न मिलने से दुखी एक मां ने अपनी 13 वर्षीय बेटी के साथ आत्महत्या का प्रयास किया। यह घटना करनाल जिले के गांव चोरा की है, जहां महिला ने पहले एक वीडियो जारी किया और फिर दोनों ने नहर में छलांग लगा दी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाल लिया। गंभीर हालत में मां को कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि बेटी की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार 4 महीने पहले 12वीं कक्षा के छात्र शुभम की हत्या कर दी गई थी, जिसका शव गांव की गली में मिला था। शव पर चोटों के निशान थे और उसके साथ क्रूरता की बात सामने आई थई। परिजनों ने 7 लोगों पर हत्या का आरोप लगाया था, लेकिन अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई।
वीडियो में पुलिस पर लगाए आरोप
मृतक की मां ने अपने वीडियो संदेश में पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि उसने एसपी से लेकर मुख्यमंत्री तक गुहार लगाई, फिर भी न्याय नहीं मिला। वर्तमान में वह अपने मायके गांव काछवा में रह रही थी। रामनगर पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है और पूरे मामले की गहराई से पड़ताल की जा रही है।
(पंजाब केसरी हरियाणा की खबरें अब क्लिक में Whatsapp एवं Telegram पर जुड़ने के लिए लाल रंग पर क्लिक करें)